मुजफ्फरनगर। कोरोना के खिलाफ वैक्सीनेशन का काम मखियाली सीएचसी पर शनिवार सुबह 11 बजे टीवी पर चल रहे पीएम नरेंद्र मोदी के राष्ट्र के नाम उद्बोधन के बाद ही शुरू हुआ। वैसे नौ बजे टीकाकरण की तैयारी कर ली थी। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी यहां पहुंच गए थे।
सवा दस बजे डीएम सेल्वा कुमारी जे और एसएसपी अभिषेक यादव यहां पहुंचे। उन्होंने भी स्वास्थ्य कर्मियों के साथ पीएम का उद्बोधन सुना। इसके बाद टीकाकरण कार्य शुरू किया। यहां पर कड़ी सुरक्षा व्यवस्था रही। गेट पर पुलिस कर्मी अंदर जाने वालों की आईडी देख कर जाने दे रहे थे। पहले चरण में हेल्थ वर्कर्स का वैक्सीनेशन होना था। पोर्टल से निर्धारित 100 नामों का चयन किया गया। पोर्टल से ही नामों की घोषणा हुई और इसके बाद टीकाकरण का कार्य शुरू हुआ।
आधे घंटे तक निगरानी में रहे लाभार्थी
मुजफ्फरनगर। सीएचसी में की प्रतिक्षालय बनाया गया था। टीकाकरण के बाद लाभार्थियों को आधे घंटे तक डॉक्टरों की निगरानी में रखा गया। किसी प्रकार की कोई परेशानी नहीं होने पर ही उन्हें घर जाने दिया गया। अब 28 दिनों के उपरांत इन्हें दूसरी डोज दी जाएगी।
योगेश त्यागी को लगा पहला टीका
मुजफ्फरनगर। मखियाली सीएचसी पर पहला टीका यहां तैनात स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी योगेश त्यागी को लगा। वो आधे घंटे तक डॉक्टरों की निगरानी में रहे। बाहर आकर उन्होंने बताया कि टीकाकरण से उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई है। वो पूरी तरह से स्वस्थ हैं। स्वास्थ्य कर्मी कमलेश और कुसुम ने भी बताया कि टीकाकरण से उन्हें कोई दिक्कत नहीं हुई। उन्होंने लोगों ने टीकाकरण कराने का आह्वान किया।
महिलाओं ने अधिक टीकाकरण कराया
मुजफ्फरनगर। पहले चरण में हुए टीकाकरण में महिला स्वास्थ्य कर्मियों ने सबसे अधिक टीकाकरण कराया है, जबकि पुरुषों की भागेदारी काफी कम रही। चारों स्थानों पर 400 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाने का लक्ष्य था। इनमें से 320 लाभार्थियों का वैक्सीनेशन हुआ। इनमें 241 महिलाएं और 79 पुरुष शामिल रहे।
चरथावल में नर्स रजिया को लगा पहला टीका
चरथावल। सुबह 11 बजे पहला टीका मंगनपुर में तैनात नर्स रजिया को टीक लगा। वह करीब 12 बजे स्टाफ नर्स अंजुलिका शर्मा और पीपलशाह में तैनात बीएमडब्लू मंजू पुंडीर के साथ टीका प्रमाण पत्र लेकर बाहर आई। उन्होंने कहा कि उन्हें किसी तरह की दहशत न पहले थी और न आज हुई। मुस्लिम बाहुल्य इलाके में वह रहती है। सभी को टीका लगवाने के लिए प्रेरित करेगी। विजय कुमार मंगल टीका लगने के बाद उत्साहित थे। कहा इसमें कोई परेशानी नहीं है। एएनएम अंजलि और नीलम त्यागी ने टीके लगाएं। केंद्र प्रभारी डा. सतीश कुमार ने बताया 84 स्वास्थ्य कर्मियों को टीका लगाया गया। खतौली में डॉ राकेश को लगा पहला टीका
सूची के क्रम में स्वास्थ्यकर्मियों को लगें टीके
चरथावल। टीकाकरण अभियान को पूरी तरह पारदर्शी बनाया गया है। टीकाकरण पूरी रफ्तार से शुरू हुआ। नोडल अधिकारी एडिशनल सीएमओ राजीव निगम, तहसीलदार सदर जयेंद्र सिंह, एसओ धर्मेंद्र सिंह, केंद्र प्रभारी डा. सतीश कुमार, राजस्व विभाग की टीम में प्रवीण गुप्ता, मोनू सैनी मौजूद रहे। सीएमओ डा. प्रवीण चौपडा, एसपी सिटी अर्पित विजयवर्गी एवं एसडीएम सदर दीपक कुमार ने केंद्र का दौरा किया।
खतौली। सीएचसी पर पहला टीका मंसूरपुर पीएचसी पर तैनात डॉ राकेश को लगाया गया। यहां पर 70 स्वास्थ्य कर्मियों को टीके लगाए गए। 49 महिलाओं तथा 21 पुरुषों को टीका लगाया गया। एसडीएम खतौली इंद्राकांत दिवेदी, सीओ खतौली आशीष प्रताप सिंह, एसीएमओ डॉ. शरण सिंह ब्लॉक प्रभारी खतौली एके सिंह मौजूद रहे। सीएमओ ने निरीक्षण किया।
महिला स्वास्थ्य कर्मी की हालत बिगड़ी
खतौली। सीएचसी पर टीकाकरण के बाद पीएचसी ग़ालिबपुर पर तैनात गांव मढ़ करीमपुर की आशा संगिनी रुकमणी की तबीयत बिगड़ गई। जिसके बाद उसे उपचार दिया गया। उसे जिला अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। बाद में उसे घर भेज दिया गया। सीएमओ डॉ प्रवीण चोपडा ने बताया कि स्वास्थ्य कर्मी खाना खाए बिना आ गई थी, जिसे घबराहट होने लगी थी। बाद में वह ठीक हो गई। उसे घर भेज दिया गया।