रतनपुरी (मुजफ्फरनगर)। नेशनल हाईवे पर फुलत अंडरपास के निकट स्क्रैप से भरी डीसीएम कोहरे के कारण सड़क के बीच में बने नाले में गिर गई। जिसमें डीसीएम चालक घायल हो गया।
संभल निवासी चालक अकबर अली पुत्र रमजानी डीसीएम में स्क्रैप लेकर मुजफ्फरनगर के लिए जा रहा था। बुधवार सुबह जब वह रतनपुरी क्षेत्र में नेशनल हाईवे पर फुलत अंडरपास के निकट पहुंचा, तो घने कोहरे के कारण चालक अकबर गाड़ी पर नियंत्रण खो बैठा। जिससे डीसीएम सड़क के बीच बने नाले में गिर गई। जिसके कारण चालक अकबर घायल हो गया। पुलिस ने चालक को डीसीएम से निकालकर अस्पताल भेजा। बुधवार दोपहर बाद क्रेन की सहायता से डीसीएम गाड़ी को नाले से बाहर निकाला गया। वहीं, खतौली में जानसठ रोड पर रेलवे लाइन के ओवरब्रिज के पास अचानक ई-रिक्शा पलट गया। जिसमें बैठी मोरना की रहने वाली महिला बिमला पत्नी मुकेश घायल हो गई। रिक्शा चालक ने महिला का चिकित्सक के यहां उपचार कराया।