दिन भर बादलों के छाए रहने से भीषण गर्मी से राहत रही
इंद्र को प्रसन्न करने को किसानों ने किया भंडारा
संवाद न्यूज एजेंसी
मुजफ्फरनगर। आसमान में सुबह पांच बजे से ही काले बादल छाए रहे। कई बार अंधियारा छाया, लेकिन बादल बिन बरसे ही चले गए। दिन भर बादलों के छाए रहने से आम आदमी को भीषण गर्मी से राहत मिली है। उधर, इंद्र को प्रसन्न करने को गांव पचेंडा कलां में ग्रामीणों ने भंडारा किया।
कई दिन से आम आदमी भीषण गर्मी और उमस से परेशान था। शनिवार को दिन भर काले बादल छाए रहने से तेज धूप से मुक्ति मिली रही। उमस भी कम रही। तेज हवा चलने से गर्मी का असर भी कम रहा। मौसम अच्छा होने से बाजारों में अच्छी भीड़ रही। यातायात व्यवस्था भी सुचारु रही। उधर, बारिश नहीं होने से परेशान किसानों ने इंद्र देवता को प्रसन्न करने को भंडारा किया। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव पचेंडा कलां में ग्रामीणों ने बाईपास पर पुल के नीचे भंडारा किया। भंडारे में पूर्व विधायक प्रमोद उटवाल, अर्जुन पहलवान, बिजेंद्र मुखिया, नकुल चौधरी, मुल्कराज उपाध्याय, अमित चौधरी आदि मुख्य रूप से मौजूद रहे।