पर्यावरण एवं किसान समस्या की जागरुकता के लिए साईकिल यात्रा करते शिक्षक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
उत्तराखंड में घटते साधन और खेती की उपेक्षा पर जताई चिंता
मुजफ्फरनगर। उत्तराखंड में रोजगार के घटते साधन, खेती की उपेक्षा और अन्य समस्याओं को लेकर कोली समाज के लोगों ने पीएम से निराकरण की उम्मीद की है। साइकिल यात्रा पर निकले इन लोगों का कहना है कि पलायन रोकने, पर्यावरण का संरक्षण करने और खेत खलिहान का उद्धार करने जैसी मांगों को लेकर अभियान छेड़ा गया है।
शहर के शिव चौक पर पहुंचकर कोली समाज के दो साइकिल यात्रियों ने मीडियाकर्मियों से बात की। अखिल भारतीय कोली समाज के उत्तराखंड प्रदेश के सचिव सुखपाल सिंह कोली अपनी साथी के साथ राज्य में विभिन्न समस्याओं को लेकर साइकिल यात्रा पर निकले हैं। उन्होंने कहा कि वह किसान, पलायन और पर्यावरण की समस्याओं को उठाएंगे। उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र से पलायन को रोकने की मांग प्रमुख है। सुखपाल कोली ने बताया कि उत्तराखंड में 80 प्रतिशत क्षेत्र पहाड़ी है। यहां पर रोजगार, शिक्षा, तकनीकी स्तर पर उपेक्षा और भेदभाव की नीति के कारण ही पलायन ने जोर पकड़ा है। सुखपाल कोली ने कहा कि किसान परिवार की भूमि को सुरक्षित करने के लिए सर्वप्रथम चकबंदी कराई जानी चाहिए। नौ जनवरी को देहरादून से यह साइकिल यात्रा प्रारंभ की थी और 13 जनवरी को पीएम नरेंद्र मोदी के नाम दिल्ली जाकर ज्ञापन दिया। अब वह लौट रहे हैं। उन्होंने आशा जताई है कि प्रधानमंत्री उत्तराखंड के पहाड़ी क्षेत्र में किसानों के हितों के साथ ही वहां के लोगों का पलायन रोकने और पर्यावरण के संरक्षण के लिए आवश्यक कदम उठाएंगे।