श्रीराम कालेज में आयोजित कार्यक्रम में मौजूद शिक्षक।
- फोटो : MUZAFFARNAGAR
विद्यार्थियों से अच्छा तालमेल बनाएं शिक्षक
मुजफ्फरनगर। श्रीराम कॉलेज में शिक्षकों के शिक्षण कौशल को और अधिक प्रभावशाली बनाने के लिए चल रहीं 15 दिवसीय फैकल्टी डेवलपमेंट कार्यशाला के 14वें दिन संस्थागत मूल्य और सर्वश्रेष्ठ अभ्यास पर विस्तृत वक्तव्य प्रस्तुत किया गया।
पावर प्वाइंट प्रिजेंटेशन देते हुए डॉ. आलोक गुप्ता ने बताया कि किसी भी संस्था की सफलता उसके मूल्य आधारित कार्यों पर निर्भर करती है। संस्था को अपने लक्ष्य प्राप्ति के लिए दूरदर्शी दृष्टिकोण तैयार कर उस पर कार्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि शिक्षक को कक्षा में अध्ययनरत सभी विद्यार्थियों पर समान रूप से ध्यान देना चाहिए। अध्यापक व विद्यार्थियों के मध्य अच्छा सामंजस्य होना अनिवार्य है। श्रीराम ग्रुप ऑफ कॉलेजेज के चेयरमैन डॉ. एससी कुलश्रेष्ठ ने कहा कि परिवर्तन की दिशा एवं दशा शिक्षा के द्वारा निश्चित की जाती है। समाज की अपेक्षाओं को सही दिशा देने का कार्य शिक्षण संस्थाओं एवं कुशल शिक्षकों के माध्यम से किया जाता है। इस अवसर पर श्रीराम कॉलेज के निदेशक डा. आदित्य गौतम, प्राचार्या डॉ. प्रेरणा मित्तल, डॉ. आरपी सिंह, डा. अश्वनी कुमार, पंकज कुमार, डा. मनोज धीमान, निशांत राठी आदि मौजूद रहे।