सत्ता बदलते ही बिजली विभाग के तेवर भी बदल गए हैं। विद्युत के बड़े बकाएदार सपा के महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दीकी और उनके परिवार के तीन चिलिंग प्लांटों के विद्युत कनेक्शन काट दिए गए हैं। अखिलेश सरकार में करोड़ों की बिजली चोरी के मामले को लेकर राशिद सुर्खियों में रहे थे। मामले में एसई तक को ट्रांसफर झेलना पड़ा था।
सत्ता के साथ बिजली चोरी का जुड़ाव गहरा है। सरकार चाहे बसपा की हो या सपा की, बिजली की करोड़ों की चोरी को लेकर यदा-कदा ही छापे पड़े हैं। अखिलेश सरकार में सपा नेता राशिद सिद्दीकी के रुड़की रोड स्थित चिलिंग प्लांट पर विद्युत अफसरों को छापा मारने के दौरान विरोध झेलना पड़ा था। मामले ने इतना तूल पकड़ा कि नगरीय अधीक्षण अभियंता एके राणा और एक्सईएन वीपी अग्रवाल का ट्रांसफर कर दिया गया था। सूबे में निजाम बदलते ही राशिद सिद्दीकी के चिलिंग प्लांटों के कनेक्शन काट दिए गए हैं।
रुड़की रोड स्थित अयान और देवबंद रोड स्थित अमन चिलिंग प्लांट पर क्रमश: 44 और 37 लाख का बिजली का बिल बकाया है। उनके परिवार का रहमतनगर में भी बबली बर्फखाने के नाम से प्लांट है, जिस पर 54 लाख की बकाएदारी है। विद्युत विभाग ने इन तीनों चिलिंग प्लांटों के कनेक्शन काट दिए हैं। विद्युत नगरीय खंड प्रथम के एक्सईएन केपी पुरी ने बताया कि तीनों प्लांटों पर करीब 1.35 करोड़ रुपया बकाया है। नोटिस के बावजूद भुगतान नहीं करने पर कनेक्शन विच्छेद कर दिए गए हैं। बताते चलें कि सपा सरकार में बिजली चोरी को लेकर सपा महानगर अध्यक्ष राशिद सिद्दकी के खिलाफ कोतवाली शहर में मुकदमा दर्ज हुआ था।
फोर्स की भी जरूरत नहीं पड़ी
मुजफ्फरनगर। सपा नेता के विद्युत कनेक्शन काटने के दौरान विद्युत अफसरों को पुलिस सुरक्षा की जरुरत महसूस नहीं हुई। एक्सईएन केपी पुरी ने अकेले लाइनमैन के साथ रहमतनगर जाकर चिलिंग प्लांट की बिजली बंद करा दी। कनेक्शन विच्छेदन की कार्रवाई की वीडियोग्राफी भी कराई गई है।
शहर में 27.55 करोड़ बकाया
मुजफ्फरनगर। शहरी क्षेत्र में विद्युत विभाग का 27.55 करोड़ रुपये बकाया है। बिलों की अदायगी नहीं करने पर 3882 बकाएदारों के कनेक्शन काट दिए गए हैं। एक्सईएन केपी पुरी ने बताया कि बकाए की वसूली के लिए तहसील को आरसी जारी कर दी गई है।