मुजफ्फरनगर। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार जिला अस्पताल के मरीजों को जल्द ही सीटी स्कैन सुविधा मिलेगी। मशीन की फिटिंग का कार्य पूरा हो चुका है। सेवा प्रदाता कंपनी जल्द ही इसकी टेस्टिंग करने जा रही है। इसके बाद जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा मिलनी शुरू हो जाएगी।
स्वामी कल्याण देव जिला चिकित्सालय में रेडक्रास भवन के सामने करीब एक साल पहले सीटी स्कैन मशीन लगाने के लिए बिल्डिंग बना दी गई थी। इसके बाद काम आगे नहीं बढ़ पा रहा था। लंबे इंतजार के बाद सेवा प्रदाता कंपनी ने सीटी स्कैन मशीन लगा दी है। यहां पर इंटरनेट की सुविधा के साथ ही अन्य जरूरी उपकरण भी लग गए हैं। कंपनी के कर्मचारी मशीन को शुरू करने में जुटे हुए हैं। काम अंतिम चरण में है। इसकी टेस्टिंग के बाद जल्द ही जिला अस्पताल में सीटी स्कैन की सुविधा शुरू हो जाएगी।
अस्पताल में पहले से उपलब्ध हैं कई सुविधाएं
मुजफ्फरनगर। जिले में सरकारी चिकित्सा सुविधाओं में बढ़ोतरी की जा रही है। जिला अस्पताल में एक्स-रे, अल्ट्रासाउंड के अलावा डायलिसिस की व्यवस्था पहले से ही है। अब सीटी स्कैन सुविधा भी मिल जाएगी। इससे जिले के मरीज जिला अस्पताल में ही सीटी स्कैन करा सकेंगे। अब तक मरीजों को प्राइवेट तौर पर यह जांच करानी पड़ती थी। लोगों को इसके लिए काफी खर्च करना पड़ता था। सीएमएस डॉक्टर पंकज अग्रवाल ने बताया कि जल्द ही सीटी स्कैन की सुविधा शुरू हो जाएगी। जिला अस्पताल में आने वाले मरीजों का सिटी-स्कैन निशुल्क होगा।