मुजफ्फरनगर के रतनपुरी में कार और बाइक में आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। हादसे में मृतक का ममेरा भाई और कार सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया।
रतनपुरी क्षेत्र के गांव बड़सू निवासी अंकित (25) पुत्र कौशल सोमवार की रात करीब 11 बजे घर से बाइक पर अपने ममेरे भाई विकास पुत्र सतबीर को साथ लेकर खतौली से बुढ़ाना रोड निवासी मिस्त्री को लेकर आ रहा था। बड़सू और सठेड़ी के बीच कोल्हू के पास पहुंचने पर खतौली की ओर से तेजी से आ रही कार से बाइक की आमने-सामने जबरदस्त भिड़ंत हो गई। बाइक और कार पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। टक्कर लगने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा उसका ममेरा भाई विकास और कार में चालक की बराबर की सीट पर बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के दौरान चालक कार को मौके पर ही छोड़क़र फरार हो गया।
घटनास्थल के पास से गुजरने वाले वाहन सवारों ने हादसे की सूचना मिलने पर रतनपुरी पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने रात में ही शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। अंकित की मौत की खबर मिलने से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस के मुताबिक मृतक अंकित व उसका ममेरा भाई हेलमेट नहीं लगाए हुए थे। घायल मृतक के ममेरे भाई विकास और कार सवार युवक को मोदीपुरम के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है, जहां पर विकास की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। उधर, कार सवार भी गंभीर है।उसके नाम व पते का पुलिस को अभी तक पता नहीं चला है। मृतक के पिता कौशल ने अज्ञात में कार चालक के विरुद्ध रिपोर्ट दर्ज कराई है।
युवक की आज होनी थी सगाई
युवक अंकित की बुधवार को सगाई होनी थी। सगाई की तैयारी में लगे परिवार के लोगों में खुशी का माहौल था। 19 अप्रैल को अंकित की बारात सहारनपुर के गांव ढिंगोली में जानी थी। अंकित की मौत से परिवार में खुशी का माहौल गम में बदल गया। सगाई और शादी की सभी तैयारियां धरी रह गई। उधर, लड़क़ी पक्ष के परिवार में युवक की मौत की खबर मिलते ही गम का पहाड़ टूट पड़ा। मृतक युवक के पिता कौशल, मां सत्यवीरी, भाई अंकुर और बहन शालू रोते रोते बेसुध हो गई थीं।