कैराना। चार दिन पूर्व तीतरवाड़ा निवासी टैक्सी चालक वासिल की हत्या के मामले में पुलिस को अहम सुराग हाथ लगे हैं। बुधवार सुबह कंडेला के जंगल में तीतरवाड़ा निवासी टैक्सी चालक वासिल का शव पड़ा मिला था। शव से कुछ ही दूरी पर वासिल की आल्टो कार भी खड़ी मिली थी।
वासिल के शव के पास ही उसका मोबाइल और पर्स भी पड़ा मिला था। पुलिस ने शव का पंचनामा भर कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया था। वासिल के भाई तासिम की तहरीर पर अज्ञात हत्यारों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया था। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में वासिल की मौत पानी में डूबने के कारण हुई थी, उसकी पसली भी टूटी हुई थी। चार दिन से पुलिस वासिल के मोबाइल की कॉल डिटेल खंगाल रही थी।
साथ ही शामली के विजय चौक पर जहां वासिल टैक्सी किराये पर चलाने का काम करता था, वहां पर हत्या की रात में वासिल से कौन-कौन मिला इसकी भी जांच कर रही है। पुलिस ने एक युवक को भी हिरासत में लिया है।