मुजफ्फरनगर। कुख्यात विक्की त्यागी हत्याकांड की जांच में बुधवार को सीबीसीआईडी के एसपी ने कोर्ट पहुंचकर घटनास्थल का निरीक्षण किया, जहां पुलिस अभिरक्षा में विक्की की हत्या कर दी गई थी। एसपी ने पुलिस लाइन में विक्की की मां और केस से संबंधित पुलिस कर्मचारियों से पूछताछ की।
जेल से पेशी पर आए कुख्यात विक्की त्यागी की 16 फरवरी 2015 कोर्ट के भीतर शामली के बहावड़ी गांव निवासी सागर मलिक ने हत्या कर दी थी। आरोपी सागर अधिवक्ता का भेष बदलकर न्यायालय पहुंचा था। फाइल के नीचे छिपाई गई पिस्टल से अभिरक्षा में खड़े विक्की को ढेर कर दिया था।
हत्या के फुलप्रूफ प्लान को साजिश बताते हुए विक्की की मां सुप्रभा ने सीबीआई जांच की मांग करते हुए दिल्ली के जंतर मंतर पर प्रदर्शन किया था। हालांकि मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने हत्या के आरोपी बनाए गए बधाई खुर्द निवासी ब्रजबीर सिंह और रंजनबीर सिंह परिवार के प्रार्थनापत्र पर हत्याकांड की जांच सीबीसीआईडी को सौंप दी थी। बुधवार को सीबीसीआईडी के एसपी डॉ के एजिलरसन मुजफ्फरनगर पुलिस लाइन पहुंचे और मामले की तहकीकात शुरू की। एसपी ने कोर्ट जाकर घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और किस तरीके से वारदात अंजाम दी गई थी, इसकी बारीकी को समझा। बाद में पुलिस लाइन के सभाकक्ष में विक्की की मां सुप्रभा और अन्य के बयान लिए।
विक्की की हत्या के समय एसओजी प्रभारी रहे और इस समय एसओ सिखेड़ा प्रभाकर कैंतुरा से पूछताछ की। पूर्व चेयरमैन उदयवीर सिंह समेत परिवार के अन्य सदस्यों की रोहाना क्षेत्र में ट्रक से कुचलकर हत्या कर दी गई थी।
हत्या के षड्यंत्र का आरोप जेल में बंद विक्की, सुशील शुक्ला, मीनू त्यागी आदि पर लगा था, तब से ही सभी आरोपी सलाखों के पीछे हैं। भरी अदालत में विक्की की हत्या के मामले में आरोपी बधाई खुर्द के ब्रजबीर सिंह भी कारागार में बंद है। मामला सीबीसीआईडी को चले जाने से ब्रजबीर पक्ष के अन्य आरोपियों को राहत मिल गई थी। सीबीसीआईडी एसपी डॉ के एजिलरसन ने डेरा डाल लिया है।
पुलिस भूमिका की होगी जांच
विक्की हत्याकांड में जांच को आए एसपी डॉ एजिलरसन का मानना है कि इस मामले में कुछ पुलिसकर्मियों पर हत्या में शामिल होने के आरोप लगाए थे। सबसे पहले इसमें आरोपी बनाए गए पुलिसकर्मियों की जांच की जाएगी। उनकी ड्यूटी कहां थी, घटनास्थल पर उनकी मौजूदगी, हत्यारोपियों से उनके संबंध आदि मुद्दों पर जांच होगी। दोषी पाई जाने वालों के खिलाफ शासन को रिपोर्ट दी जाएगी। बताते चलें कि विक्की की मां ने एक सीओ, उपनिरीक्षक समेत तीन पुलिसकर्मियों को मुकदमे में आरोपी बनाया था। इन सभी पर विक्की की हत्या में शामिल आरोपियों को शह देने का आरोप है।
बनारस, मेरठ जेल में होगी पूछताछ
विक्की त्यागी की कोर्ट के कटघरे में हत्या करने के आरोपी सागर मलिक वाराणसी और उसका भाई छोटा भाई सौरभ मलिक मेरठ कारागार में बंद है। बहावड़ी गांव की रंजिश में कम उम्र में ही दोनों ने ग्राम प्रधान की मुजफ्फरनगर कचहरी में हत्या कर दी थी। सीबीसीआईडी के सूत्रों के मुताबिक सागर मलिक से बनारस और सौरभ से मेरठ जेल में पूछताछ की जाएगी।
इनसे होगी पूछताछ
विक्की हत्या की जांच करने आई सीबीसीआईडी की टीम अपनी जांच में हत्या में शमिल आरोपियों, पीड़ित पक्ष के लोगों से पूछताछ करने के अलावा दर्जनों पुलिसकर्मियों से भी मामले की जानकारी लेगी। पूछताछ किए जाने वालों में शामिल हैं। एसओ सिविल लाइन चंद्रकिरण यादव, एसओ सिखेड़ा प्रभाकर कैंतुरा, एसआई मनोज कुमार, एसआई शिवकुमार, एसआई सतेंद्र कुमार, इनके अलावा श्रीपाल शर्मा, प्रताप सिंह, मदनलाल, देेवेंद्र शर्मा, धमेंद्र, विपिन, विजय चौधरी, संतकुमार, सचित, ईश्वर, विकास, देवेंद्र शर्मा और महिला आरक्षी लता से भी पूछताछ की जाएगी।