मुजफ्फरनगर। मोहल्ला गाजोवाली के एक प्राइवेट नर्सिंगहोम मेें डिलीवरी के दौरान महिला और नवजात शिशु की मौत होने से जमकर बवाल हुआ।
डॉक्टरों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए परिजन और गुस्साई भीड़ चिकित्सकों से उलझ गई। उनसे जमकर हाथापाई हुई।
नर्सिंग होम में जमकर तोड़फोड़ की गई। कड़ी मशक्कत के बाद पुलिस ने लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। देर रात तक दोनों पक्ष थाने में मौजूद थे।
शहर के लद्दावाला निवासी नूरसलीम की पत्नी परवीन को प्रसव पीड़ा के बाद बुधवार शाम मोहल्ला गाजोवाली में भारद्वाज मेटरनिटी नर्सिंगहोम में भर्ती कराया गया था।
यहां महिला ने प्रसव के बाद एक बच्ची को जन्म दिया, लेकिन प्रसव के कुछ देर बाद ही रात करीब नौ बजे महिला और नवजात शिशु (बच्ची) दोनों की मौत हो गई।
दोनों की मौत के बाद परिजनों ने चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए नर्सिंग होम में हंगामा शुरू कर दिया। इसी बीच लद्दावाला के काफी लोग भी नर्सिंग होम पहुंच गए और अस्पताल के चिकित्सक और स्टाफ से उलझ गए। भीड़ की चिकित्सकों से जमकर हाथापाई और नोकझोंक हुई।
कुछ लोगों ने नर्सिंग होम में तोड़फोड़ शुरू कर दी। भीड़ का गुस्सा देख चिकित्सक मौके से निकल गए। बवाल की सूचना पर एसओ सिविल लाइन चंद्रकिरण यादव पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत करने की कोशिश की लेकिन भीड़ चिकित्सकों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए उनपर कार्रवाई की मांग कर रही थी।
काफी प्रयास के बाद पुलिस ने भीड़ को शांत किया। पुलिस दोनों पक्षों के कुछ लोगों को लेकर थाने ले गई थी, जहां दोनों पक्षों में बातचीत चल रही थी। एसओ ने बताया कि दोनों पक्ष के जिम्मेदार लोग बैठकर आपस में बातचीत कर मामला सुलझाने का प्रयास कर रहे हैं।
यदि मामले में कोई तहरीर आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी। इस संबंध में नर्सिंग होम संचालकों से वार्ता नहीं हो सकी।