मुजफ्फरनगर शहर के सरकुलर रोड स्थित एक नर्सिंग होम में बीमार बेटी की देखभाल के लिए रुकी महिला से स्टाफ के युवक ने छेड़छाड़ व अश्लील हरकतें कीं। विरोध करने पर महिला का गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया गया। घटना से गुस्साए हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर नर्सिंग होम के सामने जाम लगाने का प्रयास किया, जिसे लेकर पुलिस से उनकी तीखी नोकझोंक भी हुई। विवाद बढ़ने पर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कर ली गई।
शहर के एक मोहल्ला निवासी बच्ची को गत 26 अगस्त की रात दस बजे सरकुलर रोड स्थित प्रतिष्ठित बाल रोग विशेषज्ञ के नर्सिंग होम में भर्ती किया गया था। शुक्रवार रात बच्ची की मां उसकी देखभाल के लिए नर्सिंग होम में ही रुकी थी। आरोप है कि देर रात करीब डेढ़ बजे नर्सिंग होम के स्टाफ में शामिल गांव दधेड़ू निवासी दूसरे वर्ग के कर्मचारी शौकीन त्यागी ने बच्ची की मां से छेड़छाड़ करते हुए अश्लील हरकतें कीं। महिला ने विरोध कर नर्सिंग होम से बाहर आने का प्रयास किया तो आरोपी ने मेन गेट बंद कर महिला को पकड़ लिया और गला दबाकर उसकी हत्या करने का प्रयास किया। महिला के शोर मचाने पर आरोपी वहां से फरार हो गया। छेड़छाड़ व हत्या के प्रयास की पूरी घटना नर्सिंग होम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।
शनिवार सुबह घटना की जानकारी मिलते ही हिंदू संगठनों में आक्रोश व्याप्त हो गया और गुस्साए कार्यकर्ता नर्सिंग होम पहुंचने लगे। आरोप है कि नर्सिंग होम संचालक द्वारा उनके साथ बदसलूकी करते हुए आरोपी की तरफदारी की गई, जिससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने हंगामा कर सरकुलर रोड पर जाम लगाने का प्रयास किया। हंगामा बढ़ते देख थाना पुलिस मौके पर पहुंची, जहां इंस्पेक्टर उम्मेद सिंह की कार्यकर्ताओं से तीखी नोकझोंक हो गई। इस पर गुस्साए लोग सिविल लाइंस थाने जा पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। विवाद बढ़ता देख पुलिस ने महिला के भाई की तहरीर पर आरोपी शौकीन त्यागी के खिलाफ संगीन धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश में दबिश दी, लेकिन वह हत्थे नहीं चढ़ा।
सीओ सिटी कुलदीप कुमार का कहना है कि नर्सिंग होम में बेटी की देखभाल के लिए रुकी महिला से छेड़छाड़ का मामला सामने आया था। परिजनों की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी तलाश की जा रही है।