तितावी । सहारनपुर से कार लूटकर भागे बदमाशों को पुलिस ने तितावी के जंगल में घेर लिया। एसएसपी ने खुद घेराबंदी की कमान संभाली। घंटो चली मुठभेड़ में पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर गोलियां चली।
पुलिस ने बहादुरी दिखाते हुए दो बदमाशों को मौके से दबोच लिया, जबकि तीन लुटेरे एक ग्रामीण को चाकू मारकर फरार हो गए। पकडे़ गए बदमाशों से दो गाड़ियां बरामद हुई हैं। पुलिस दोनों से पूछताछ में जुटी है।
सहारनपुर जिले के गागलहेड़ी के पास शनिवार दोपहर को एनएच-58 पर काशीपुर निवासी जुनैद, मोहित और चालक वरुण को आतंकित कर बदमाशों ने स्विफ्ट कार लूट ली। लूट की सूचना पर सहारनपुर पुलिस बदमाशों के पीछे लग गई। सहारनपुर पुलिस ने मुजफ्फरनगर एससपी केबी सिंह को लूट के बाद बदमाशों के तितावी क्षेत्र की ओर भागने की सूचना दी।
सूचना पर एसएसपी ने खुद मामले की कमान संभालते हुए जिले की सभी थाना पुलिस को एलर्ट कर जिले में चेकिंग शुरू करा दी और खुद एसओजी टीम के साथ तितावी पहुंच गए। इसी बीच बदमाशों के नहर के रास्ते जनपद की सीमा में घुसने की सूचना कंट्रोल रूम से फ्लैश कर दी गई।
आसपास के थानों की पुलिस भी तितावी के जंगल में पहुंच गईं। पीछा करते हुए पुलिस ने हैदरनगर गांव के जंगल में बदमाशों को घेर लिया। बदमाश पुलिस पर फायरिंग करते हुए भागने लगे। इस बीच पुलिस ने जवाबी फायरिंग शुरू कर दी। दोनों तरफ से हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से खेतों में काम कर रहे किसान भी दहल गए।
इस दौरान पुलिस ने स्विफ्ट कार सवार दो बदमाशों को दबोच लिया। दूसरी कार में सवार तीन बदमाश गाड़ी छोड़कर भागने लगे। इस दौरान वहां से गुजर रहे बघरा के सईद पर बदमाशों ने चाकू से वार कर उसे घायल कर दिया। पुलिस ने घायल को जिला अस्पताल में भर्ती कराया। मौके से लूटी गई गाड़ी समेत दो गाड़ियां बरामद की गई हैं। कई तमंचे और जिंदा भी कारतूस बरामद हुए।
एसएसपी केबी सिंह ने पकड़े गए बदमाशों से पूछताछ की। बाद में आरोपियों को थाने लाकर सख्ती से पूछताछ की गई। पुलिस के अनुसार पकड़े गए बदमाशों ने अपने नाम रतनपुरी थानाक्षेत्र के गांव कल्याणपुर निवासी सोनू और बुढ़ाना के भटवाड़ा निवासी विपिन बताए। बदमाशों ने पूछताछ में मंसूरपुर में एक गाड़ी पिछले दिनों लूटने की बात स्वीकारी है।
जल्द पकडे़ जाएंगे बाकी लुटेरे
तितावी। कार लूट की वारदात को अंजाम देकर भाग रहे दो बदमाशों को पुलिस टीम ने बहादुरी के साथ दबोचा है। पकड़े गए बदमाशों का अपराधिक रिकार्ड खंगाला जा रहा है। फरार आरोपी भी जल्द ही पकड़ लिए जाएंगे।
केबी सिंह-एसएसपी
सुरक्षित समझा था नहर का रास्ता
छपार। लूट के बाद बचकर निकलने के इरादे से बदमाशों ने नहर का रास्ता पकड़ा था, लेकिन पुलिस को इसकी भनक लग गई थी। बदमाशों ने कार लूटने के बाद हाईवे को छोड़कर पास की नहर के रास्ते से होते हुए करनाल मार्ग तक पहुंचने के लिए गाड़ी दौड़ा दी थी,
लेकिन हाईवे के चेक पोस्ट पर तैनात पुलिसकर्मियों ने नहर के रास्ते की तरफ मुड़ते हुए देख लिया। जनपद के तितावी और चरथावल की तरफ से नहर की तरफ आने वाले रास्तों पर पुलिस बल लगा दिया गया था। हैदरनगर के पास जंगल में घेराबंदी कर बदमाश घेर लिए गए।