चरथावल में दिनदहाड़े बेखौफ बदमाशों ने एक गैस गोदाम पर धावा बोलकर कर्मचारियों को गन प्वाइंट पर लेकर दो लाख रुपये कैश लूट लिया। एक कर्मचारी को तमंचों की बटों और चाकू मारकर गंभीर रूप से घायल कर सनसनी फैला दी। घायल कर्मचारी को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। कस्बे में हुई दुस्साहसिक वारदात से व्यापारियों में दहशत व्याप्त है। एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का मुआयना किया।
कस्बे में मुजफ्फरनगर मार्ग पर बालाजी इंडेन गैस गोदाम का है। मंगलवार सुबह करीब 11 बजे दो बाइकों पर सवार होकर पांच बदमाश गैस गोदाम पर आ धमके। उन्होंने कर्मचारी मोनू और अजीत को हथियारों के बल पर कब्जे में कर लिया। इसके बाद बदमाशों ने काउंटर पर बैठे रामगोपाल पर हथियार तान दिए। इसी दौरान रामगोपाल ने अपना मोबाइल पास में चरी के खेत में फेंक दिया। इस पर बदमाशों ने रामगोपाल को तमंचों की बटों से पीटना शुरू कर दिया।
उसके पेट में चाकू भी घोंप दिया। सिर और पेट में चोट आने से रामगोपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। बदमाशों ने प्रबंधक धर्मेंद्र सिंह पुंडीर से काउंटर में रखा कैश मांगा। उसने बदमाशों के डर से सारा कैश दे दिया। घटना को अंजाम देकर बदमाश रामलीला मैदान के बराबर से निरधना गांव की तरफ फरार हो गए। सूचना पर एसएचओ कमल सिंह चौहान पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायल को सीएचसी में भर्ती कराया गया।
गैस एजेंसी स्वामी विपुल त्यागी भी वहां पहुंच गए। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद घायल को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। काफी संख्या में कस्बे के लोग मौके पर पहुुंच गए और दिनदहाड़े हुई घटना पर आक्रोश जताया। विपुल त्यागी की ओर से कर्मचारी को घायल कर दो लाख लूटने का मुकदमा चार अज्ञात लुटेरों के खिलाफ दर्ज कराया है। उन्होंने बताया कि घायल की हालत खतरे से बाहर है और निजी अस्पताल में इलाज कराया जा रहा है। सूचना पर एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता मौके पर पहुंचे और घटना की छानबीन की। बदमाशों के फरार होने वाले निरधना मार्ग के जंगलों में खोजबीन की है। पुलिस चरथावल और तितावी क्षेत्र के सूचीबद्ध लुटेरों की कुंडली खंगालने में जुटी है।
क्या कहती है पुलिस
एसपी ग्रामीण प्रदीप गुप्ता ने बताया कि गैस गोदाम पर कर्मचारी को घायल का दो लाख रुपये की लूटपाट की गई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों की खोजबीन शुरू कर दी है। शीघ्र ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुए लुटेरे
चरथावल। एसपी क्राइम ने बदमाशों की शिनाख्त कराने के लिए भागने वाले मार्ग पर स्थित एक शोरूम की सीसीटीवी फुटेज खंगाली। हालांकि फुटेज में आरोपियों के चेहरे साफ नजर नहीं आ रहे हैं, लेकिन दो बाइकों पर बदमाश भागते हुए दिख रहे हैं। जिसमें एक बाइक पर तीन सवार हैं और दूसरी बाइक पर दो युवक तेजी से सवार होकर भागते नजर आ रहे हैं।
उस बाइक की पीेछे वाली नंबर प्लेट पर नंबर के स्थान पर पुलिस का निशान है। मंगलवार को हुई घटना के बाद बाहरी छोर पर व्यापार करने वाले लोगों में खौफ है। माना जा रहा है कि घटना को अंजाम देने से पूर्व बदमाशों ने पूरा होमवर्क किया, जिस वक्त घटना हुई उस समय गोदाम पर सिलेंडरों की बिक्री का मोटा कैश रहता है।
24 घंटे चेकिंग, फिर भी हो रही वारदात
एसएसपी दीपक कुमार के आदेश पर जिले में हर थाना क्षेत्र में चेकिंग चल रही है, बावजूद इसके बदमाश घटनाओं को अंजाम देने से बाज नहीं आ रहे हैं। दिनदहाड़े चरथावल की गैस एजेंसी में लूट पुलिस के लिए चुनौती है। सहारनपुर की बैंक डकैती की घटना के बाद आसपास के जिलों की पुलिस भी अलर्ट है। आईजी सुजीत पांडेय ने सभी को सतर्कता बरतने के आदेश कर रखे हैं। जिले की पुलिस जगह-जगह चेकिंग की जा रही थी, जिसमें अधिकतर बाइक सवारों को चेक किया जा रहा है।