मंसूरपुर हाईवे पर शुक्रवार रात बदमाशों ने बैंक आफ बड़ौदा का एटीएम लूटने की कोशिश की। कैश नहीं मिलने पर बदमाशों ने एटीएम मशीन तोड़ डाली। बदमाशों ने एटीएम का सीसीटीवी कैमरा भी तोड़ दिया। बदमाश बराबर में दुकान की दीवार तोड़क़र एटीएम मशीन तक पहुंचे। बदमाश दुकान के अंदर से हजारों की नकदी समेत कोल्डड्रिंक की बोतलें लूटकर ले गए। सुबह एटीएम लूटने की खबर से पुलिस में हड़कंप मच गया। सूचना पर सीओ मौके पर पहुंचे। सीओ ने घटनास्थल की जांच-पड़ताल की। बैंक खुलने पर शाखा प्रबंधक ने भी एटीएम में कैश नहीं होने की पुष्टि की।
मंसूरपुर में हाईवे पर बैंक ऑफ बड़ौदा की शाखा है। बैंक के बराबर में ही अलग से दुकान में बैंक का एटीएम लगा है। एटीएम के बराबर में गांव पुरबालियान निवासी कुश कुमार की कोल्डड्रिंक की दुकान है। कुश कुमार एटीएम मशीन का गार्ड भी है। दूसरा गार्ड भी गांव पुरबालियान का रहने वाला सुदेश है। बैंक का एटीएम रात के दस बजे तक खुलता है। इसके बाद दोनों गार्डों में से जिस किसी की ड्यूटी रहती है, वह दस बजे के बाद एटीएम बंद कर शटर का ताला लगाकर अपने गांव चले जाते हैं।
पिछले दो दिनों से एटीएम मशीन में कैश नहीं रखा गया था। बुधवार रात बदमाशों ने पीछे जंगल की तरफ से कोल्डड्रिंक की दुकान की दीवार तोड़ी। इसके बाद बदमाश दुकान के अंदर से दीवार तोड़कर एटीएम मशीन तक पहुंचे। बदमाशों ने एटीएम मशीन से कैश लूटने को कोशिश की।
बदमाशों ने प्रयास कर एटीएम मशीन को खोल तो लिया, लेकिन उसमें कैश नहीं मिला। इस पर बदमाशों ने तोड़फोड़ करते हुए एटीएम मशीन पूरी तरह से क्षतिग्रस्त कर दी। बदमाश गार्ड कुश कुमार की दुकान के गल्ले से 20 हजार रुपये की नकदी समेत करीब 15 हजार रुपये की कोल्डड्रिंक की बोतलें लूटकर ले गए। घटना का बृहस्पतिवार सुबह पता चला, जब गार्ड कुश कुमार अपनी दुकान का शटर खोलकर पहुंचा। उसने घटना की सूचना पुलिस को दी।
सीओ सूक्ष्म प्रकाश भी मौके पर पहुंचे। सीओ ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस को जांच-पड़ताल में एटीएम मशीन का सीसीटीवी कैमरा भी टूटा मिला। सुबह दस बजे बैंक खुलने पर शाखा प्रबंधक पहुंचे। प्रबंधक ने पुलिस को बताया कि नौ मई से एटीएम मशीन में कैश नहीं रखा गया था, तब कहीं जाकर पुलिस ने राहत की सांस ली।
सीसीटीवी फुटेज में बदमाश हुआ कैद
मंसूरपुर। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरे की पुलिस ने फुटेज खंगाली। फुटेज में एक नकाबपोश बदमाश की तस्वीर कैद है। पुलिस के मुताबिक फुटेज में नकाबपोश बदमाश एटीएम मशीन में घुसा और उसने अंदर घुसते ही सीसीटीवी कैमरा तोड़ने के लिए हाथ बढ़ाते हुए दिखाई दिया। पुलिस ने फुटेज में कैद तस्वीर से बदमाशों की तलाश शुरू कर दी है।
थाने से एटीएम की दूरी मात्र 400 मीटर
मंसूरपुर। हाईवे पर बैंक ऑफ बड़ौदा एवं एटीएम थाने से मात्र 400 मीटर की दूरी पर स्थित है। बदमाशों ने पुलिस की नाक के नीचे बेखौफ होकर एटीएम को लूटने की कोशिश की। गनीमत यह रही कि एटीएम में कैश नहीं था। इस घटना से रात के समय में पुलिस गश्त की पोल उजागर हो गई है।