छात्र की मौत के बाद विलाप करते परिजन।
- फोटो : अमर उजाला
खतौली के इंटर कॉलेज में पढ़ने वाले एक छात्र ने पिटाई के डर से एक्सप्रेस ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली। छात्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है।
गांव टिटौड़ा निवासी ओमकार का पुत्र नीशू (15) दादरी के इंटर कॉलेज में कक्षा नौ में पढ़ता था। पुलिस के मुताबिक छात्र नीशू को उसके पिता ने फीस के पैसे दिए थे। उन पैसों को छात्र ने खर्च कर दिया। छात्र को पैसे खर्च हो जाने के बाद घर जाने पर पिटाई होने का डरा सताने लगा। बुधवार सुबह दस बजे छात्र ने गांव टिटौड़ा और भंगेला के जंगलों के बीच रेलवे लाइन पर उत्कल एक्सप्रेस ट्रेन के सामने कूदकर आत्महत्या कर ली।
छात्र की मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया। पिता और भाई घटनास्थल पर पहुंचे और क्षत-विक्षत शव को देखकर बिलख-बिलख कर रोने लगे। पिता का कहना था कि नीशू सुबह घर से स्कूल जाने के लिए कहकर निकला था। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।