पकड़े गए बदमाशों की जानकारी देते पुलिस अधिकारी।
- फोटो : अमर उजाला
रजिस्ट्रेशन व चेसिस नंबर बदलकर सड़कों पर वाहन दौड़ाने वाले गिरोह के तीन सदस्यों को नई मंडी पुलिस ने गिरफ्तार किया है, जबकि एक अन्य फरार हो गया। आरोपियों की निशानदेही पर दो बस व दो ट्रक बरामद किए गए हैं। पुलिस फरार आरोपी की तलाश कर रही है। पुलिस लाइन स्थित सभागार में सोमवार को प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने इसकी जानकारी दी।
बताया कि हाईवे पर चेकिंग के लिए क्राइम ब्रांच व नई मंडी कोतवाली पुलिस की एक संयुक्त टीम का गठन किया गया था। उक्त टीम ने सूचना के आधार पर इनाम पुत्र इकराम निवासी जलालाबाद थानाभवन, मुराद खान पुत्र अब्दुल जब्बार व महताब पुत्र अब्बास निवासीगण खालापार को गिरफ्तार किया, जबकि वसीम पुत्र ताहिर निवासी गांव बहरोड़ा माछरा, किठौर मेरठ फरार हो गया।
एसपी सिटी ने बताया कि पकड़े गए आरोपियों की निशानदेही पर हाईवे पर स्थित एक पार्किंग में खड़े दो ट्रक व दो बसें बरामद की गईं हैं। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी कबाड़ में पुराने वाहन खरीदने के बाद उनके कागजों को चोरी के वाहनों पर लगाकर उन्हें धड़ल्ले से सड़कों पर दौड़ा रहे थे। एसपी सिटी ने आरोपियों को गिरफ्तार करने वाले क्राइम ब्रांच के एसआई प्रवेश शर्मा व इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा की पीठ भी थपथपाई। पुलिस फरार आरोपी वसीम की तलाश में दबिश दे रही है।
इस तरह से झोंकते थे पुलिस की आंख में धूल
मुजफ्फरनगर। पहली बार पुलिस के हत्थे चढ़े गिरोह के सदस्य बेहद शातिराना तरीके से करतूत को अंजाम दे रहे थे। इसके लिए पहले गिरोह के सदस्य इस तरह के कबाड़ हो चुके वाहन को खरीदता था, जो किसी हादसे में पूरी तरह से खत्म हो चुका हो। इसके बाद नया वाहन खरीदकर कुछ दिन बाद उसकी चोरी की एफआईआर दर्ज करा देते थे और कबाड़ वाहन के चेसिस नंबर को कथित चोरी हो चुके वाहन की चेसिस पर गुदवा दिया जाता था।
इसके बाद कबाड़ वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर कथित चोरी के वाहनों को सड़कों पर दौड़ाया जाता था। पूरा काम इतनी सफाई से करते थे कि आज तक ये पुलिस की पकड़ में नहीं आ सके थे