मुजफ्फरनगर जनपद में पुरकाजी के गांव मांडला में गत एक अक्तूबर को हुई धीर सिंह (55) की हत्या का खुलासा न होने से आहत उसके परिजनों ने गांव छोड़ने का एलान किया है। परिजनों ने अपनी भी जान को खतरा जताते हुए घर के गेट पर ‘मकान बिकाऊ है’ का पोस्टर चस्पा कर दिया है। एएसपी कृष्णा विश्नोई ने जल्द हत्या का खुलासा करने का दावा किया है।
थाना क्षेत्र के गांव मांडला निवासी धीर सिंह गत एक अक्तूबर को संदिग्ध हालात में लापता हो गया था, जिसका शव अगले दिन गांव के तालाब से बरामद किया गया था। परिजनों ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी, लेकिन बाद में उन्होंने गांव के ही तीन लोगों पर हत्या करने का आरोप लगाकर उनकी गिरफ्तारी की मांग की थी। पुलिस जांच में उक्त तीनों आरोपी बेकसूर पाए गए थे, जिसके विरोध में परिजनों ने गत छह अक्तूबर को पुलिस ऑफिस और नौ अक्तूबर को पुरकाजी थाने में धरना दिया था।
यह भी पढ़ें: मौत का खौफ: कैंसर ने छीनीं इतनी जिंदगियां, हर तरफ फैला डर... जान की दुश्मन बनी ये बड़ी वजह, सरकार से मदद की गुहार
इसके बाद थाना पुलिस ने धीर सिंह के चार बेटों को पूछताछ के लिए बुलाया था, लेकिन उन्हें भी ग्रामीणों द्वारा हंगामा करने पर छोड़ दिया गया था। तब से करीब डेढ़ माह बीतने के बावजूद हत्या का खुलासा नहीं हो सका है। पीड़ित परिजनों का कहना है कि पिता की हत्या के बाद अब उनकी जान को भी खतरा महसूस होने लगा है। पुलिस द्वारा नामजद किए गए आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं की जा रही है, जिससे परिजन घर से बाहर निकलने से भी डर रहे हैं।
यह भी पढ़ें: यूपी: कैराना में गरजे सीएम योगी, बोले- किसी अपराधी ने दुस्साहस किया तो दूसरे लोक भेज देंगे
परिजन पुलिस का सहयोग नहीं कर रहे हैं। जिन लोगों के नाम परिजन दे रहे हैं, वे जांच में बेकसूर पाए गए हैं। जिन लोगों पर पुलिस को शक है, परिजन उनसे पूछताछ नहीं करने दे रहे हैं। कई बिंदुओं पर जांच चल रही है, जल्द घटना का खुलासा किया जाएगा।
- कृष्णा विश्नोई, एएसपी