खतौली में गली में बकरा बांधने को लेकर दो पक्षों के बीच संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की ओर से जमकर पथराव हुआ। जिसमें महिलाओं सहित करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर बामुश्किल स्थिति को संभाला।
गांव नंगला रूर्द्र निवासी रिजवान पुत्र हसीर ने मंगलवार शाम को बकरा मकान के सामने गली में बांध दिया। कुटुंब के रहने वाले कादिर पुत्र अहमद हुसैन ने बकरा बांधने का विरोध किया। जिसको लेकर दोनों में कहासुनी हो गई। देर शाम को बकरा बांधने को लेकर दोनों पक्षों के लोग आमने सामने आ गए।
देखते ही देखते दोनों पक्षों के बीच लाठी-डंडे और धारदार हथियार चल पड़े। दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर जमकर पथराव भी किया। पथराव होने से गांव में अफरातफरी मच गई। हमले में दोनों पक्षों से कादिर, सबिला, जाहिद, सुमेर, रिजवान, जुबैदा, सद्दाम सहित करीब डेढ़ दर्जन लोग घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची।
पुलिस ने दोनों पक्षों को समझा बुझाकर मामला शांत कराया। पुलिस ने सभी घायलों को रात के समय ही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया। इस घटना की अभी तक किसी भी पक्ष ने पुलिस को तहरीर नहीं दी है। पुलिस का कहना है कि तहरीर आने पर मुकदमा दर्जकर कार्रवाई की जाएगी।