छेड़छाड़ की घटना के बाद वजीराबाद में पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
वजीराबाद में युवती से छेड़छाड़ पर दो संप्रदाय के लोग आमने-सामने आ गए। जमकर मारपीट हुई। गांव में तनाव फैल गया। पुलिस फोर्स ने पहुंचकर हालात संभाले। अफसरों ने निष्पक्ष कार्रवाई का भरोसा देकर ग्रामीणों को समझाया। चार नामजद समेत नौ के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ ही दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
भोपा थानाक्षेत्र अंतर्गत वजीराबाद गांव है। बृहस्पतिवार देर शाम गांव में एक अल्पसंख्यक संप्रदाय के युवकों ने युवती से छेड़छाड़ की। युवती ने यह बात परिजनों को बताई। इस पर युवती के भाई ने आरोपी युवकों के पास जाकर विरोध किया। इस पर दोनों में कहासुनी हो गई। दोनों तरफ के लोग जुटे और जमकर मारपीट हुई। घटना से गांव में तनाव फैल गया।
पीड़िता ने परिजनों के साथ भोपा थाने पहुंचकर आसिफ पुत्र अख्तर, साजिद पुत्र मंगता, सलमान पुत्र दिला, गुलजार पुत्र सरफराज के अलावा अन्य अज्ञात पांच लोगों के खिलाफ तहरीर दी, जिसमें छेड़छाड़ और विरोध करने पर मारपीट का आरोप लगाया। सांप्रदायिक मामले की जानकारी पर पुलिस हरकत में आई। तहरीर के आधार पर आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया।
आरोपियों के घर दबिश दी। आरोपी साजिद और गुलजार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। मामले की जानकारी मिलते ही सीओ भोपा सूक्ष्म प्रकाश, थानाध्यक्ष पीतम सिंह, ककरौली थानाध्यक्ष पंकज त्यागी मय फोर्स पहुंचे और लोगों को समझाते हुए शांति बनाए रखने की अपील की।
आरोपी पक्ष की महिलाओं ने पुलिस पर घर का दरवाजा तोड़ने का आरोप लगाया। उन्हें समझाया गया। इसके बाद एसपी क्राइम राकेश कुमार जौली भोपा थाना पहुंचे। घटना की जानकारी लेकर कड़ी निगरानी के आदेश दिए। जौली का कहना था कि घटना में निष्पक्ष कार्रवाई की जाएगी। कानून तोड़ने वाले बख्शे नहीं जाएंगे।