छेड़छाड़ की घटना के बाद हुआ पथराव।
- फोटो : अमर उजाला
नई मंडी कोतवाली के मूसा शेरनगर में युवती से छेड़छाड़ को लेकर बवाल हो गया। दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए। उनमें धारदार हथियार चले और कुछ पथराव हुआ। घटना में एक महिला सहित तीन लोग घायल हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले में गांव के तीन आरोपियों को पकड़ लिया। पुलिस ने एक पक्ष की ओर से दूसरे पक्ष के आठ लोगों के खिलाफ बलवा और छेड़छाड़ की रिपोर्ट दर्ज कर दी है।
मूसा शेरनगर में रविवार रात गांव के ही कुछ युवकों ने एक युवती के साथ छेड़छाड़ कर दी। युवती ने विरोध जताया तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट भी की। सूचना पर युवती के परिजन मौके पर पहुंचे और दोनों पक्ष आमने-सामने डट गए। दोनों ओर से जमकर धारदार हथियार और पत्थर चले।
बवाल के दौरान मौके पर काफी लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जाकर लाठियां भांजकर भीड़ को मौके से खदेड़ा। झगड़े में मेहराना, आशू और दिलशान घायल हो गए।
पुलिस ने तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। पुलिस ने रात में ही दबिश देकर आरोपी पक्ष के तीन लोगों को हिरासत में लिया। अधिकारियों ने ऐहतियातन गांव में फोर्स तैनात कर दिया। सोमवार को पुलिस ने एक पक्ष की तहरीर पर गांव के ही आठ लोगों के खिलाफ छेड़छाड़ करने और बलवा करने की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कराई गई।