घटनास्थल पर जांच करने पहुंची पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
संगीत टीचर के बंद मकान को चोरों ने दिनदहाड़े खंगाल लिया। दो माह पूर्व ही घर में बेटे की शादी हुई थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जानकारी ली। फिंगरप्रिंट एक्सपर्ट ने मौके से सुबूत जुटाए। पीड़ित परिवार के अनुसार चोर नगदी सहित लाखों को जेवर ले गए हैं। चोरी से मोहल्ले के लोगों में दहशत व्याप्त है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।
नईमंडी कोतवाली के पटेल नगर के संजय मार्ग निवासी यामिनी साराभाई के एसडी पब्लिक स्कूल में संगीत की अध्यापक है। इनके पति केपी साराभाई सरधना के पीएनबी बैंक में मैनेजर हैं। दो माह पूर्व बेटे की शादी की थी। वह भी बाहर रहता है। बुधवार सुबह में यामिनी घर का ताला लगाकर कालेज ड्यूटी पर चली गई थी। दोपहर में सूचना मिली की घर के ताले टूटे पड़े हैं। यामिनी घर पहुंची तो देखा कि मकान के सभी कमरों के ताले टूटे पड़े थे और भीतर सभी सामान बिखरा पड़ा था।
पीड़िता ने पति को मामले की जानकारी दी। सूचना पर पहुुंची पुलिस ने घटना की जानकारी ली। सीओ मंडी मणीलाल पाटीदार ने भी पीड़ित परिवार से पूछताछ की। फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट को मौके पर बुलवाकर सुबूत जुटाए गए। पुलिस ने घर के आसपास की लोकेशन देखी। पीड़ित के अनुसार दो तीन सोने के सेट, एक कंगन और करीब डेढ़ लाख की नगदी की चोरी हुई है। पीड़ित परिवार ने तहरीर नहीं दी है। कहा कि नुकसान का पूरा अंदाजा होने के बाद ही तहरीर दी जाएगी। दिनदहाड़े चोरी होने से मोहल्ले के लोगों में दहशत व्याप्त है।