मुजफ्फरनगर। महिला एसओ के खिलाफ महिलाओं ने मोर्चा खोला दिया। पीड़ित महिला के ससुरालियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं होने पर गुस्सा भड़क गया।
एसओ के रवैये से क्षुब्ध होकर थाने में महिलाओं ने जमकर हंगामा काटा। सूचना पर सीओ सिटी और दो थानों की पुलिस महिला थाने पहुंची। गांधी कॉलोनी निवासी मीनू चौधरी की शादी वर्ष 2014 में जाट कॉलोनी निवासी राजकुमार के साथ हुई थी। शादी के बाद से ससुरालियों से उसका विवाद चला आ रहा है।
पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर दिया, लेकिन पुलिस इस मामले में कार्रवाई नहीं कर रही थी। रविवार को पीड़िता कार्रवाई की मांग को लेकर महिला थाना एसओ से मिली। आरोप है कि पीड़िता द्वारा कार्रवाई के मामले में जानकारी चाही तो एसओ उस पर बिफर पड़ीं।
सूचना पर भाजपा नेता सरिता गौड़ भी अपने समर्थकों के साथ थाने पहुंची और एसओ के व्यवहार को लेकर थाने में हंगामा काटा। शहर कोतवाल चमन सिंह चावड़ा, सीओ सिटी डॉक्टर तेजबीर सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और महिलाओं को समझाया। बाद में अधिकारियों से कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर महिलाएं चली गईं।