पुलिस ने ऑनलाइन आईपीएल का सट्टा करने वाले छह सटोरियों को पकड़ा है। आरोपियों से पुलिस को दर्जनों मोबाइल, सवा लाख की नकदी, चोरी के वाहन, आधार कार्ड, मोबाइल चार्ज, सट्टे के हिसाब के कागजात मिले हैं। पुलिस ने पकड़े गए आरोपियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उनके चालान कर दिए हैं।
नईमंडी कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर बुधवार रात गश्त के दौरान गांधी कालोनी की गांधी वाटिका के पास से आईपीएल के लिए ऑनलाइन सट्टा करा रहे चार सटोरियों को पकड़ा। बृहस्पतिवार सुबह एसएसपी बबलू कुमार ने पुलिस लाइन में प्रेसवार्ता कर सटोरियों के बारे में जानकारी दी।
कप्तान ने बताया कि पकड़े गए आरोपी पुष्पेंद्र गोयल पुत्र आनंद प्रकाश निवासी काजियान अबूपुरा, शहर कोतवाली, अन्नू गोयल उर्फ अंकित पुत्र रविंद्र निवासी अबूपुरा, मोंटी उर्फ विभांशु पुत्र महावीर बंसल निवासी राधा कृष्ण मंदिर के पास नई मंडी, हिमांशु जैन पुत्र सुशील कुमार जैन मंडी नईमंडी है। बताया कि आरोपियों से 13 मोबाइल फोन, एक लाख 29 हजार सौ की नकदी, स्कूटी, बाइक फर्जी आधार कार्ड, मोबाइल चार्जर, सट्टे के हिसाब के कागजात, दो डायरी आदि सामान बरामद हुए हैं।
बताया कि पकड़े गए सटोरियों के बाकी साथी गांधी कालोनी निवासी विक्की चिकना, बघरा निवासी गौरव, नई मंडी निवासी साकेत, शामली रोड निवासी जुगनु, रामपुरी निवासी सचिन आदि में आनलाइन सट्टे के काम में आरोपियों के साथ जुड़े हैं। इन सभी की तलाश में पुलिस जुटी है। उधर, सिविल लाइन पुलिस ने भी गंगादासपुरा निवासी पवन मित्तल और सरवट निवासी अशोक को आईपीएल का सट्टा करने के आरोप में गिरफ्तार किया।
पुलिस के अनुसार इनके दो साथी गाजावाली निवासी बबलू और नीटू फरार हो गए हैं। पकड़े गए आरोपियों से 970 रुपये, दो मोबाइल, रजिस्टर और चोरी की बाइक, छुरी आदि सामान बरामद किया। पकड़े गए सभी आरोपियों का पुलिस ने चालान कर दिया है।
शातिराना अंदाज में होता है आईपीएल का सट्टा
मुजफ्फरनगर। शहर से पकड़े गए आईपीएल की ऑनलाइन सट्टा कराने के आरोपी काफी शातिर हैं। एसएसपी बबलू कुमार ने बताया कि रोजाना चल रहे मैच से चंद मिनटों पहले ही ऑनलाइन सट्टा लगाने का काम शुरू होता था। इसके लिए रोजाना ठिया बदला जाता था। सभी सदस्यों को मैच प्रारंभ होने से पांच मिनट पहले ही जगह का पता दिया जाता था, उसके बाद भी सभी फोन से ही एक दूसरे से बाते करते थे। मैच पूरा होने के बाद जगह को छोड़ दिया जाता था। अगले दिन पैसा लगाने वालों को भुगतान किया जाता था।
पकड़े गए सभी मोबाइल की आईडी की होगी जांच
मुजफ्फरनगर। कप्तान बबलू कुमार ने बताया कि सटोरियों से पकड़े गए सभी मोबाइल फोन की आईडी की जांच कराई जाएगी। जिनके नामों की आईडी निकलेगी पुलिस उनके खिलाफ भी कार्रवाई करेगी। बताया कि आरोपियों को गैंगस्टर में निरुद्ध किया जाएगा।
सटोरियों को पकड़ने वाली टीम
मुजफ्फरनगर। आईपीएल के सटोरियों को पकड़ने वाली टीम में नई मंडी कोतवाली के एसएसआई मनोज कुमार, गांधी कालोनी चौकी इंचार्ज मनोज कुमार, सर्विलांस सेल से सोनू शर्मा और जितेंद्र त्यागी के अलावा रणधीर सिंह, नीरज कुमार, मनोहर सिंह, प्रदीप कुमार रहे।