जानसठ। गांव चितौड़ा में दो बाइकों के टकराने की मामूली बात को लेकर शिया-सुन्नी समुदाय के लोग आमने-सामने आ गए। मारपीट होने से गांव में तनाव बन गया। मामले की जानकारी मिलने पर अफसर गांव की ओर दौड़ पड़े। पुलिस ने मौके पर पहुंच कर भीड़ को खदेड़ा। दोनों पक्षों को समझा-बुझाकर शांत किया गया। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस फोर्स तैनात की गई है।
जानसठ कोतवाली क्षेत्र के गांव चितौड़ा में चेहल्लुम होने के कारण प्रशासन ने पहले से ही पुलिस तैनात कर रखी थी। क्योंकि गांव चितौड़ा में पूर्व में भी चेहल्लुम व ताजियों के समय पर शिया-सुन्नी विवाद होते रहे हैं। गुरुवार को शिया समुदाय का युवक गुलाम अली पुत्र अनीस बाइक द्वारा कहीं से गांव में आ रहा था। उसी के पीछे सुुन्नी समुदाय का गुड्डू पुत्र जिशान अपनी बाइक पर आ रहा था। जैसे ही गुलाम अली घर की तरफ गली में मुड़ने लगा तो पीछे से आ रहे गुड्डू की बाइक उसकी बाइक से टकरा गई।
इसे लेकर दोनों युवकों में कहासुनी और मारपीट हो गई। ग्रामीणों ने दोनों युवकों को समझाकर घर भेज दिया, लेकिन गुलाम अली ने मामले की जानकारी इमामबाड़े में चल रही मजलिस में जाकर दे दी, जिससे शिया पक्ष के लोगों में रोष फैल गया और वे इकट्ठा होकर मौके पर पहुंच गए। इस दौरान दूसरे पक्ष के लोग भी इकट्ठा हो गए। दोनों पक्ष कहासुनी के बाद मारपीट करने पर उतारू हो गए। चेहल्लुम की वजह से गांव में तैनात दरोगा व सिपाही ने दोनों पक्षों को समझाया और कोतवाली में सूचना दी।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी धनंजय मिश्र पुलिस बल व पीएसी को लेकर गांव पहुंचे और भीड़ को लाठियां फटकारकर तितर-बितर किया। बाद में दोनों पक्षों को गांव में शांति व्यवस्था बनाने के लिए समझाया। थाना प्रभारी धनंजय मिश्र ने बताया कि दोनों समुदायों के युवकों की बाइक टकराने से आपस में कहासुनी हो गई थी। फिलहाल गांव में शांति है।