रिया हत्याकांड के आरोपी और एक लाख के ईनामी बदमाश रोहताश को नोएडा एसटीएफ ने गिरफ्तार कर लिया है। शातिर पर वर्ष 2013 में दंगे के दौरान लूट, हत्या और बलवे का भी मुकदमा दर्ज है। पुलिस इस मामले में आरोपी रोहताश को बी वारंट पर लाकर पूछताछ करेगी। स्थानीय पुलिस आरोपी की लंबे समय से तलाश कर रही थी, लेकिन उसकी भनक तक नहीं लगी।
भौराकलां थाना क्षेत्र के गांव मुंडभर में 10 मार्च 2014 को हमले के दौरान पिता सुरेश पर चलाई गई गोली बेटी रिया को जा लगी थी। रिया की मौके पर ही मौत हो गई थी। जमीनी विवाद के चलते हत्यारों से लैस आरोपी घर में घुस गए और पिता पर गोली चला दी थी। इस मामले में रोहताश, गांव के ही पूर्व प्रधान प्रवीण उर्फ बिल्लू और दो अन्य सुनील एवं ललित को नामजद किया गया था। सुनील और ललित को पुलिस ने जेल भेज दिया था।
सुप्रीम कोर्ट ने उत्तर प्रदेश सरकार को रिया हत्याकांड की सीबीआई जांच कराने के निर्देश दिए थे। 27 नवंबर को एडीजे कोर्ट में सीबीआई ने चार्जशीट दाखिल कर दी थी, जिसमें हत्यारोपी पूर्व प्रधान प्रवीण उर्फ बिल्लू को दोषी नहीं पाया गया। एक दूसरे मामले में बिल्लू भी सलाखों के पीछेे है। हत्या के बाद से रोहताश फरार चल रहा था, नोएडा एसटीएफ काफी दिनों से आरोपी की तलाश में जुटी थी।
एसटीएफ ने नोएडा के नालेज पार्क एरिया से आरोपी रोहताश को दबोच लिया है। एसपी क्राइम प्रदीप गुप्ता ने बताया कि आरोपी रोहताश को रिया की हत्या के मामले में पकड़ा गया है। इसके अलावा भी वर्ष 2013 में दंगे के दौरान उस पर बलवा, लूट और हत्या के मामले दर्ज हैं। कोर्ट से बी-वारंट लेकर आरोपी को रिमांड पर लाया जाएगा और उससे पूछताछ की जाएगी।
बिल्लू प्रधान को साजिशकर्ता बताया
सीबीआई की चार्जशाीट को रिया के पिता सुरेशपाल ने खारिज किया है। उन्होंने कहा कि हत्या और हमले की साजिश पूर्व प्रधान प्रवीण उर्फ बिल्लू ने रची थी। 10 मार्च को बिल्लू के साथ आए आरोपियों ने हमला किया था। सीबीआई के आरोप पत्र में बिल्लू को दोषमुक्त करने के खिलाफ वह सुप्रीम कोर्ट जाएंगे। आरुषि हत्याकांड में भी सीबीआई को दोबारा विवेचना करनी पड़ी थी। उसी तरह रिया हत्याकांड के सच को सामने लाने की लड़ाई लड़ी जाएगी।
बचता फिर रहा था आरोपी
नोएडा एसटीएफ ने शातिर की गिरफ्तारी अपने यहां से दिखाई है, लेकिन अगर सूत्रों की मानें तो शातिर हरिद्वार, लक्सर और बरेली के बीच में घूम रहा था। दो दिन पूर्व एसटीएफ को इसकी बरेली में रहने की भनक मिली। नोएडा एसटीएफ ने इसकी घेराबंदी की ओर बरेली से इसे दबोच लिया।
मरणोपरांत मिला था वीरता पुरस्कार
गणतंत्र दिवस पर इसी साल 12वीं की छात्रा रिया चौधरी को मरणोपरांत राष्ट्रीय वीरता पुरस्कार से राष्ट्रपति प्रणव मुखर्जी और पीएम नरेंद्र मोदी ने सम्मानित किया था। रिया की मां अनिता ने बेटी को समर्पित बाल वीरता का पुरस्कार ग्रहण किया था। रिया लालूखेड़ी के ज्ञानदीप पब्लिक स्कूल की होनहार छात्रा थी। पिता सुरेश ने आरोपी की गिरफ्तारी पर संतोष जाहिर किया। उनका कहना है कि आरोपियों को सजा मिलनी चाहिए।