मंसूरपुर। गांव मंथेड़ी के रोहित को दोस्त ने दगाबाजी करके घर से बुलाया और उसकी हत्या कराई थी। पुलिस ने हत्याकांड का खुलासा करते हुए हत्यारोपी दोस्त समेत दो को जेल भेज दिया है। फरार तीन हत्यारोपियों की पुलिस को तलाश कर रही है।
मंसूरपुर के एसओ आनंद प्रकाश मिश्रा ने प्रेसवार्ता में बताया कि रतनपुरी क्षेत्र के गांव मंथेड़ी निवासी रोहित शर्मा हत्याकांड में मंथेड़ी निवासी श्रीकांत और नितिन को गिरफ्तार किया है।
डेढ़ साल पूर्व मंथेड़ी के रहने वाले होमगार्ड मनोज की गांव भैंसी निवासी अशोक और मंथेड़ी के सतेंद्र ने साथियों के साथ मिलकर हत्या कर डाली थी।
होमगार्ड की हत्या में मृतक रोहित गवाह था। हत्यारोपी अशोक और सतेंद्र ने रोहित की हत्या कराने को उसी के गांव के दोस्त श्रीकांत को साथ मिलाया। श्रीकांत ने दोस्त गांव के रहने वाले नितिन व अमरदीप को साथ लेकर रोहित की हत्या करने की योजना बनाई।
हत्यारोपी श्रीकांत व नितिन ने पूछताछ के दौरान बताया कि जेल के अंदर से एक बदमाश का उन्होंने सिम मंगवाया था। सतेंद्र ने 1100 रुपये में नया मोबाइल खरीद कर दिया। नए मोबाइल में सिम डालकर सात फरवरी को श्रीकांत ने फोन करके रोहित शर्मा को बुलवाया था।
दोस्त श्रीकांत ने जंगल में ले जाकर नितिन से गोली लगवाकर रोहित की हत्या करा दी। हत्या करने के बाद दोनों ने खेत में शव को गाड़ दिया था।
हत्यारों ने मृतक के कपड़े इसलिए उतारे, ताकि शव जमीन में जल्दी गल जाए। रात के समय खेत में खून पड़ा होने का हत्यारों का पता नहीं चल सका था। खून की वजह से ही रोहित का शव खेत में दबा मिला था। पुलिस ने नितिन के कब्जे से तमंचा बरामद कर लिया है।