एसआरएमएस के पास भोजीपुरा के पूर्व विधायक वीरेंद्र सिंह गंगवार के गनर रामसेवक के जवान बेटे की कार की टक्कर से मौके पर मौत हो गई। वह एसआरएमएस में लिपिक के पद पर काम कर रहा था। 21 फरवरी को उसकी शादी होनी थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराने को भेज दिया है।
कोतवाली के मोहल्ला नरकुला गंज में रहने वाले रामसेवक 32 वर्षीय के बेटे संजीव कुमार की 21 फरवरी 2016 को शादी होनी थी। सीबीगंज के गांव बोहित में उसकी बारात जानी थी। वह एसआरएमएस अस्पताल में लिपिक के पद पर कार्यरत था। रिश्तेदारियों व संबंधियों को शादी का न्योता देने के लिए वह ड्यूटी पर नहीं गया था। दावत देने के लिए वह एसआरएमएस अस्पताल आया था। परिचितों को कार्ड देने के लिए वह घर जाने के लिए रोड क्रास कर रहा था। बरेली की ओर से तेजी से आ रही उत्तराखंड नम्बर की ईको गाड़ी ने संजीव कुमार को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोर से लगी कि उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही संजीव के घर में कोहराम मच गया। शादी की खुशियां मातम में बदल गईं। संजीव की मौत को सुन कर सभी परिजन एसआर एमएम पहुंच गए। मां तो जवान बेटे की खून से सनी लाश देखकर होश गवां बैठी। उनका रोना-बिलखना देखकर मौके पर पहुंचे पुलिस कर्मियों की भी पलकें भीग गईं। ईको गाड़ी ड्राइवर गाड़ी छोड़ कर फरार हो गया। पुलिस ने गाड़ी को कब्जे में लेकर थाने में खड़ा करा लिया है। एसओ जेपी यादव ने बताया कि ईको कार के चालक के खिलाफ मुकदमा लिखकर कार्रवाई की जा रही है। संजीव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया जा रहा है।