खतौली के रतनपुरी के फुलत गांव में आधा दर्जन हथियारबंद बदमाशों ने भाई-बहन को बंधक बनाकर लाखों रुपयों की डकैती डालकर सनसनी फैला दी। बदमाश नगदी सहित सोने-चांदी के जेवरात ले गए। पुलिस ने बुधवार की सुबह घटनास्थल का मुआयना किया और परिवार के लोगों से घटना की जानकारी ली।
गांव फुलत निवासी आसिम पुत्र आकिल की पत्नी अपने बच्चों को लेकर मायके गई हुई थी। घर में आसिम और उसकी विवाहिता बहन फरहाना मौजूद थी। मंगलवार रात एक बजे आधा दर्जन हथियारबंद बदमाश दीवार फांदकर मकान में घुस गए। इन बदमाशों ने घर में सो रहे आसिम और उसकी बहन फरहाना को मकान में बंधक बना दिया। इसके बाद बदमाशों ने पूरा मकान खंगाला और अलमारी में रखी ढाई लाख रुपये की नगदी, सोने-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गए।
आसिम के मुताबिक बदमाश करीब पांच लाख रुपये का सामान ले गए हैं। बदमाशों के जाने के बाद भाई बहन किसी तरह से बंधक मुक्त हुए। इस घटना की जानकारी ग्रामीणों को बुधवार सुबह मिली। सूचना मिलने पर पुलिस गांव में पहुंची और घटनास्थल का मुआयना। पीड़ित आसिम ने पुलिस को तहरीर दे दी है। पुलिस ने धारा 380 में मुकदमा दर्ज कर लिया है। इंस्पेक्टर विजय सिंह का कहना है कि परिवार के लोगों से भी पूछताछ की गई। मामला संदिग्ध लग रहा है। फिलहाल मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। इसके बावजूद घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।