मंसूरपुर। रालोद नेता के मकान में घुसकर बदमाश नगदी, जेवरात व कपड़ों सहित करीब पांच लाख रुपयों की कीमत का सामान चोरी कर ले गए। परिवार के लोगों को चोरी की वारदात का पता शनिवार की सुबह पांच बजे लगा। सूचना पर पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने गांव के एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। जिसकी डॉग स्क्वॉड टीम से थाने में जांच पड़ताल कराई। रालोद व भाकियू कार्यकर्ताओं ने चोरी की घटना का खुलासा करने की मांग को लेकर थाने का घेराव कर दो दिन का अल्टीमेटम दिया है।
मंसूरपुर के गांव पुरबालियान निवासी रालोद नेता एवं पूर्व प्रधान पति संतोष पाल शुक्रवार की रात को परिवार के साथ अपने मकान की द्वितीय मंजिल के कमरे के सो रहे थे। बदमाश टेलीफोन के खंभे से चढ़कर मकान के अंदर घुस गए।
बदमाशों ने नीचे कमरे में रखी सेफ व संदूक खोलकर उसमें से 1 लाख 24 हजार रुपये की नगदी, दो किलो चांदी व दस तौले सोने के जेवरात व कीमती साड़ी, कपड़े सहित करीब 5 लाख रुपयों का सामान चोरी कर ले गए। शनिवार की सुबह पांच बजे परिवार के सदस्य उठकर नीचे पहुंचे तो चोरी की घटना का पता चला।
सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का मौका मुआयना किया। पुलिस ने गांव के एक संदिग्ध युवक को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने डॉग स्क्वॉड टीम को बुलवाया और थाने में उस संदिग्ध युवक को लोगों की भीड़ में खड़ा कर जांच कराई। पुलिस युवक से पूछताछ कर रही है। चोरी की घटना को लेकर रालोद व भाकियू कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव किया। कार्यकर्ताओं ने पुलिस को चेतावनी देते हुए कहा कि अगर रविवार तक चोरी की घटना का खुलासा नहीं हुआ तो, वे सोमवार को थाने का घेराव करेंगे। रालोद नेता ने घटना की पुलिस को तहरीर दे दी है। थाने का घेराव करने वालों में नीरज , जसबीर, सतेंद्र, काला, योगेश, देवेंद्र, बिजेंद्र, विनय, माधो, सोमपाल आदि शामिल रहे।