ट्रांसपोर्टर से धोखा कर उसके चालक ने ट्रक में लदे सरिये को गांव के ही एक व्यक्ति को बेच दिया। पुलिस ने आरोपी चालक और सरिया खरीदने वाले को गिरफ्तार कर लिया है। चालक से ट्रक, एक लाख रुपये और बचा हुआ सरिया बरामद किया गया है।
शहर कोतवाली के सुजडू निवासी अलताफ का ट्रांसपोर्ट का काम है। इसके एक ट्रक को गांव निवासी और हाल निवासी कंकरखेड़ा नूरमोहम्मद पुत्र दिलशाद चलाता है। 23 सितंबर को चालक ट्रक संख्या यूपी-12टी- 5914 में सरिया भरकर देवबंद के लिए चला था। रास्ते से नूरमोहम्मद ट्रक को सरिये सहित लेकर फरार हो गया। अलताफ ने नईमंडी कोतवाली में अमानत में खयानत की रिपोर्ट दर्ज कराई। सोमवार रात पुलिस ने एटूजेड रोड से चालक नूर मोहम्मद को ट्रक सहित दबोच लिया।
पकड़े जाने के बाद उसने बताया कि ट्रक से कुछ सरिया गांव के ही शाहिद को बेच दिया था। पुलिस ने आरोपी के पास से बेचे गए सरिये की एक लाख की नगदी और बचा हुआ सरिया बरामद कर लिया है। पुलिस ने सरिया खरीदने वाले सुजडू निवासी शाहिद को भी गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया। खुलासा करने वाली टीम में समरपाल सिंह अत्री, सुनील कुमार, अशोक खारी, मोहित त्यागी, अमित कुमार आदि मौजूद रहे।