राजू वाल्मीकि को रिमांड पर लेकर कोतवाली पहुंची पुलिस।
- फोटो : amar ujala
मुजफ्फरनगर के खतौली के भाजपा नेता राजा वाल्मीकि हत्याकांड में जेल में बंद नामजद आरोपियों को पुलिस ने रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त पिस्टल बरामद किया है।
होली चौक पर पांच अप्रैल की सुबह मोहल्ला देवीदास निवासी भाजपा नेता राजा वाल्मीकि की ताबड़तोड़ गोलियां बरसाकर हत्या कर दी गई थी। उसके भाई ने हत्याकांड में एनएसए में जेल में बंद गौरा और उसके भाई राजू वाल्मीकि तथा षडयंत्र रचने के मामले में नगर पालिका चेयरमैन पारस जैन समेत दो अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा पंजीकृत कराया था। पुलिस ने 26 अप्रैल को मोहल्ला जैननगर निवासी बदमाश दानिश पुत्र नूर मोहम्मद को गिरफ्तार कर हत्याकांड का खुलासा कर दिया था। भाजपा नेता को गोली जिला शामली के गांव भभीसा निवासी शूटर विपुल खूनी ने मारी थी। नामजद आरोपी राजू वाल्मीकि ने भी कोर्ट में सरेंडर कर दिया था। शूटर विपुल खूनी अभी तक पुलिस की पकड़ में नहीं आ सका है। पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी राजू वाल्मीकि को छह घंटे के रिमांड पर लिया और उसकी निशानदेही पर गंगनहर पटरी पर स्थित छोटे भाई आरोपी गौरा के मकान के पास झाड़ियों में से हत्या में प्रयुक्त पिस्टल को बरामद किया। कोतवाली प्रभारी ने बताया कि पूछताछ के बाद आरोपी को दोबारा जेल भेज दिया गया है।
छात्रों के दो गुटों में मारपीट, दो घायल
खतौली। छात्रों के दो गुटों में किसी बात को लेकर मारपीट हो गई। जिसमें दो छात्र घायल भी हो गए। शुक्रवार सुबह एक कालेज के दो गुट के छात्र कोचिंग करके लौट रहे थे। जानसठ रोड पर किसी बात को लेकर इन छात्रों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद छात्रों के बीच बेल्टें चल पड़ी। जिससे वहां अफरातफरी मच गई। मारपीट में छात्र राकेश और नीरज को चोटें आईं। अभी तक पुलिस को कोई तहरीर नहीं दी गई है।