मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना कस्बे के पेट्रोल पंपों पर जिला आपूर्ति अधिकारी के नेतृत्व में टीम ने ताबड़तोड़ छापामारी की। इस दौरान एक पेट्रोल पंप पर पांच लीटर में बीस एमएल की घटतौली मिली।
जिला आपूर्ति अधिकारी मदन यादव, कंपनी के इंजीनियर व अन्य अधिकारियों के साथ शुक्रवार को सुबह करीब 10 बजे हाईवे पर स्थित रामबशेश्वर फिलिंग सेंटर पर पहुंचे। इंडियन आयल कंपनी के डिप्टी मैनेजर सेल्स तथा कंपनी के इंजीनियरों ने पंप की मशीनों को खोलकर बारीकी से जांच की। मिलावट संबंधी नमूने भी लिए गए। जांच के दौरान पेट्रोल पंप पर मानक के अनुसार कोई खामी नही मिलीं। इसके बाद टीम कस्बे के बुढ़ाना-मुजफ्फरनगर मार्ग पर सांवरिया फ्यूल पंप पर पहुंची। यहां भी अधिकारियों ने डीजल व पेट्रोल की मशीनों की बारीकी से जांच की और नमूने लिए।
मशीनों की जांच पड़ताल के बाद टीम ममता फिलिंग सेंटर पर पहुंची। इस पंप पर डीजल और पेट्रोल के नमूने ठीक पाए गए। जांच के दौरान बाट माप अधिकारियों ने बताया कि यहां पांच लीटर पेट्रोल में 20 एमएल पेट्रोल की घटतौली मिली है। डीएसओ मदन यादव ने बताया कि मानक के अनुसार यह घटतौली की श्रेणी में नहीं आती। अधिकारियों ने बताया कि उन्होंने मशीन को दुरुस्त कर दिया है। जिसका शुल्क पंप मालिक को देना होगा। अधिकारियों ने बताया कि बृहस्पतिवार को उन्होंने बड़ौत मार्ग पर स्थित शिव शक्ति पेट्रोल पंप पर चेकिंग की थी। इस दौरान एसडीएम श्याम अवध चौहान, बाट माप तोल के अधिकारी राजेश कुमार, कंपनी के अधिकारी टीएन प्रसाद, जगवीर सिंह, अनिल कुमार आदि मौजूद रहे।