मुजफ्फरनगर। नई मंडी कोतवाली के सुरेंद्र नगर में जैन मंदिर के ताले काटकर चोरों ने तीन छत्र चोरी कर लिए। सुबह मंदिर को गेट खोलने पर चोरी का पता चला। मंदिर की चोरी को लेकर लोगों ने विरोध किया। सूचना पर शहर विधायक कपिलदेव अग्रवाल मंदिर पहुंचे। विधायक ने सीओ और थानेदार से घटना को लेकर नाराजगी जताई।
पुलिस ने जल्द ही घटना के खुलासे का आश्वासन दिया। शहर में अब मंदिर भी सुरक्षित नहीं रह गए हैं। सुरेंद्र नगर में नेमिनाथ दिगंबर जैन पंचायती मंदिर है। शुक्रवार रात मंदिर का गेट बंद कर श्रद्धालु अपने घरों को चले गए थे। शनिवार सुबह मंदिर को पूजा के लिए खोला जाने लगा तो देखा कि उसके मेनगेट का ताला कटा हुआ था।
लोगों ने मंदिर के भीतर जाकर देखा तो वहां से चांदी के तीन छत्र चोरी कर लिए गए थे। तीनों छत्रों का वजन आठ से दस किलो के बीच बताया जा रहा है। मंदिर में चोरी होने की सूचना पर मौके पर लोगों की भीड़ एकत्र हो गई। भाजपा विधायक कपिलदेव अग्रवाल मौके पर पहुंचे और चोरी के बारे में जानकारी ली। सूचना पर सीओ मंडी और कोतवाल भी पहुंच गए। विधायक ने मंदिर में चोरी को लेकर पुलिस से कड़ा विरोध प्रकट किया। विधायक ने नाराजगी जताई कि कुछ दिन पहले मंडप में हुई चोरी का भी पुलिस कोई पता नहीं लगा पाई है।
सीओ अरुण कुमार और एसओ रोजंत त्यागी ने खुलासे का आश्वासन दिया है। मंदिर कमेटी के महामंत्री प्रवीण जैन की ओर से ें तहरीर दी गई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
दो दिन से शादी में गया है चौकीदार
नईमंडी के सुरेंद्रनगर स्थित जैन मंदिर में हुई चांदी के छत्रों की चोरी के मामले में चोरों को मंदिर में किसी के नहीं होने की पूरी जानकारी थी। सूत्रों की माने तो मंदिर का पुजारी सुबह-शाम पूजा करने के बाद लौट जाता है। चौकीदार भी पिछले दो दिन से शादी में गया हुआ था। ऐसे में चोरों को पता लग गया कि मंदिर में कोई नहीं है।