शहर कोतवाली पुलिस ने मंगलवार देर रात वहलना-पीनना बाईपास पर हुई मुठभेड़ में एक लाख के इनामी हथियार तस्कर शमीम को गिरफ्तार किया, जबकि उसका साथी फरार हो गया। मुठभेड़ में इनामी बदमाश के साथ ही एक सिपाही भी गोली लगने से घायल हो गया, जिन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। वहीं, फरार हुए बदमाश की तलाश में देर रात तक कई थानों की फोर्स जंगलों में कांबिंग अभियान चलाए हुए थी। मौके से एक पिस्टल, एक तमंचा व संदिग्ध बाइक बरामद की गई है। पकड़े गए बदमाश पर दिल्ली पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित बताया गया है।
शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने मंगलवार रात हथियार तस्कर के शहर में आने की सूचना पर टीम के साथ वहलना चौक पर चेकिंग अभियान शुरू किया था। इसी दौरान बाइक सवार दो बदमाश मेरठ की तरफ से आते दिखे, जिन्होंने वहलना चौक पर पुलिस टीम को देख उन पर फायरिंग कर वहलना-पीनना बाईपास पर फरार होने का प्रयास किया। बदमाशों की गोलीबारी से बची पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी करते हुए उनका पीछा किया तो वे कुछ दूर चलकर सड़क पर बाइक छोड़कर खेतों में घुस गए और पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी।
पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गया, जबकि पुलिस टीम में शामिल शहर कोतवाली का अमित तेवतिया सिपाही भी बदमाशों की गोली से घायल हुआ। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही एसपी सिटी ओमवीर सिंह व सीओ सिटी हरीश सिंह भदौरिया मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी ली। इंस्पेक्टर अनिल कपरवान ने बताया कि घायल बदमाश की पहचान नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बिलासपुर निवासी शमीम पुत्र असगर के रूप में हुई है, जिस पर दिल्ली पुलिस की ओर से एक लाख रुपये का इनाम घोषित है।
शमीम हथियारों का बड़ा सप्लायर है, जिसके खिलाफ दिल्ली के साथ ही हरियाणा व अन्य राज्यों में भी कई मुकदमे दर्ज हैं। वहीं, उसके फरार साथी की पहचान किदवईनगर निवासी परवेश के रूप में हुई है, जिसकी तलाश में जंगलों में कांबिंग की जा रही है। घटनास्थल से एक पिस्टल, एक तमंचा व एक संदिग्ध बाइक बरामद की गई है।
मुठभेड़ में लखटकिया दबोचकर दिया डीजीपी को तोहफा
मुजफ्फरनगर। डीजीपी ओमप्रकाश सिंह मंगलवार शाम ही जिला मुख्यालय आए हैं, जो यहीं पर रात्रि विश्राम भी करेंगे। डीजीपी की शहर में उपस्थिति में ही शहर कोतवाली पुलिस ने दमदार गुडवर्क करते हुए एक लाख के इनामी को मुठभेड़ में दबोचकर डीजीपी को एक तरह से तोहफा दिया है, जिसकी महकमे में जबरदस्त चर्चा है।