वृद्धा के शव की जांच करती पुलिस।
- फोटो : अमर उजाला
जानसठ के गांव अहरोड़ा से लापता वृद्धा का शव चार दिन बाद मीरापुर क्षेत्र के कुतुबपुर गंगनहर से मिला। माना जा रहा है कि महिला ने अपने पुत्र की मृत्यु से दुखी होकर नहर में कूदकर आत्महत्या की है। थाना जानसठ क्षेत्र के गांव अहरोड़ा निवासी छोटी (80) पत्नी प्रह्लाद सिंह अपने पुत्र कंवरपाल की मौत के बाद से परेशान थी।
कंवरपाल की कुछ समय पूर्व एक सड़क दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। 25 अगस्त को छोटी घर से दवाई लेने के लिए मीरापुर आई थी, लेकिन घर नहीं पहुंची। काफी तलाश करने के बाद वृद्धा के पौत्र मांगेराम ने दादी के लापता होने की सूचना दर्ज कराई थी। रविवार सुबह वृद्धा का शव कुतुबपुर नहर पुल के पास देखा गया। अहरोड़ा के ग्रामीणों और परिजनों ने मौके पर आकर शव की पहचान की।
शव मिलने की जानकारी पर मीरापुर थानाध्यक्ष चंद्र किरण यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। शव का पोस्टमार्टम कराने की तैयारी हो रही थी, लेकिन जिम्मेदार लोगों के आग्रह पर शव का पंचनामा भर पुलिस ने परिजनों के सुपुर्द कर दिया। ग्रामीणों का कहना है कि वृद्ध पुत्र के वियोग में मानसिक रूप से परेशान थी।