ननद से छेड़छाड़ का भाभी ने विरोध किया तो आरोपी ने उसे भी अश्लील एसएमएस भेज दिया। पीड़िता ने उसकी दुकान का पता कर परिजनों के साथ पहुंचकर उसकी जमकर खबर ली। पुलिस को बुलवाकर आरोपी को हवालात में बंद कराया। आरोपी से पूछताछ की जा रही है।
शहर में रुड़की रोड पर कबाब की दुकान पर नौकरी करने वाला युवक सहारनपुर की युवती को फोन पर परेशान कर रहा था। युवती ने अपनी भाभी को मामले के बारे में बताया। भाभी ने आरोपी को हड़काया तो उसने उसे भी व्हाट्सअप पर अश्लील मैसेज भेजने शुुरू कर दिए। कुछ दिन तो विवाहिता चुप रहकर सब कुछ बर्दाश्त करती रही, लेकिन जब आरोपी गंदी वीडियो क्लिप भी डालने लगा तो उसने सारी बातें परिजनों को बताई।
परिजनों ने आरोपी को पकड़ने का निर्णय लिया। महिला ने उसे बहकाकर उसकी दुकान का पता ले लिया। मंगलवार को पीड़िता अपने परिजनों के साथ रुड़की रोड पर मार्केट में स्थित दुकान पर पहुंची और आरोपी को पकड़ लिया। पहले तो परिजनों ने ही उसकी जमकर खबर ली। सूचना पर पहुंची पुलिस उसे पकड़कर कोतवाली ले आई। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है। पता लगाया जा रहा है कि उसके पास उनके नंबर कहां से आए थे।