मुजफ्फरनगर में मंसूरपुर पुलिस ने गांव घासीपुरा में किराए के मकान में हुई रेस्टोरेंट कर्मचारी आशुतोष की हत्या का खुलासा करते हुए नामजद आरोपी सागर को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने पुलिस को बताया कि मृतक उसका साथी था। वह और अन्य साथी रेस्टोरेंट पर काम को लेकर उस पर टिप्पणी करते रहते थे। इससे वह परेशान था। मौका पाकर उसने अपने साथी आशुतोष के सिर में डंडा मार कर उसकी हत्या कर दी थी।
मुजफ्फरनगर मेडिकल कॉलेज परिसर में पंजाबी चाय कैंटीन में कार्य करने वाले आशुतोष उर्फ अमित निवासी पौड़ी गढ़वाल उत्तराखंड का शव 12 मई को गांव घासीपुरा में किराए के कमरे में मिला था। कमरे पर बाहर से ताला लगा हुआ था और उसका साथी सागर उसका मोबाइल लेकर फरार हो गया था। रेस्टोरेंट संचालक अमित राणा की ओर से सागर के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया गया था।