मुजफ्फरनगर। शहर के वार्ड नंबर-36 में शुक्रवार सुबह सफाई नायक व सफाईकर्मियों के साथ पूर्व सभासद ने गालीगलौज करते हुए मारपीट कर दी। सफाईकर्मियों को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए सरकारी कागजात फाड़ दिए गए और उन्हें गोली मारने की धमकी दी गई। मौके पर मौजूद वार्ड सभासद से भी हाथापाई की गई। घटना से गुस्साए सफाईकर्मियों ने आरोपी के खिलाफ तहरीर देते हुए उसकी गिरफ्तारी नहीं होने तक क्षेत्र के कई वार्डों में काम बंद हड़ताल कर दी है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला आबकारी निवासी मनोज कुमार ने तहरीर देकर बताया कि वह नगरपालिका में सफाई नायक है। शुक्रवार सुबह करीब 9.30 बजे सफाई कर्मचारी बिजेंद्र, अरुण व विशाल के साथ सफाई व्यवस्था में लगा था। आरोप है कि पूर्व सभासद नौशाद उर्फ मलंग वहां पहुंचा और अकारण सफाईकर्मियों के साथ गालीगलौज करने लगा।
विरोध करने पर आरोपी ने सफाई कर्मचारियों व सफाई नायक के साथ मारपीट करते हुए उन्हें वार्ड में दिखाई देने पर गोली मारने की धमकी दे डाली। यही नहीं आरोपी ने सफाईकर्मियों को जातिसूचक शब्दों से अपमानित करते हुए सफाई नायक से सरकारी कागजात छीनकर उन्हें भी फाड़ डाले। सूचना पर वार्ड सभासद इरफान अहमद मौके पर पहुंचे तो आरोपी ने उनके साथ भी हाथापाई करते हुए उन्हें भी धमकी दी। घटना की जानकारी मिलने पर नगरपालिका सफाई कर्मचारी संघ में आक्रोश उत्पन्न हो गया। संघ के अध्यक्ष राजेश उंटवाल अन्य पदाधिकारियों के साथ शहर कोतवाली पहुंचे और आरोपी पूर्व सभासद के खिलाफ नामजद तहरीर देकर उसके खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर गिरफ्तार किए जाने की मांग की। गुस्साए सफाई कर्मियों ने घटना के विरोध में लद्दावाला क्षेत्र के कई वार्डों की सफाई व्यवस्था भी ठप कर काम बंद हड़ताल कर दी।
सफाई कर्मचारी संघ के अध्यक्ष राजेश उंटवाल ने बताया कि जब तक आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर उसकी गिरफ्तारी नहीं होगी, उक्त वार्डों में काम बंद हड़ताल जारी रहेगी।
एसएसआई शहर कोतवाली समयपाल अत्री ने बताया कि तहरीर के आधार पर आरोपी नौशाद उर्फ मलंग के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की जा रही है। जल्द से जल्द उसे गिरफ्तार कर जेल भेजा जाएगा।