शांतिनगर निवासी अधिवक्ता की पत्नी ईशवती उर्फ छोटी (45) की शनिवार की देर रात गला दबाकर हत्या कर दी गई। चेहरे पर भी चोट के निशान है। मां की लाश के पास बेटी भी बेहोशी की हालत में पड़ी मिली है। गंभीर हालत में उसे जिला महिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घर से महिला के कुंडल, जेवर, नकदी समेत काफी कीमती सामान गायब बताया जा रहा है। लूटपाट के दौरान हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है।
ईशवती नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के शांतिनगर निवासी सुंदरपाल की पत्नी थी। सुंदरपाल सिविल बार एसोसिएशन से जुड़े अधिवक्ता हैं। मूलरूप से रामराज के हसनपुर गांव निवासी सुंदरपाल शनिवार को किसी काम से पैतृक गांव गए थे। रात में घर पर उनकी पत्नी ईशवती उर्फ छोटी और बेटी कक्षा-नौ की छात्रा नीलम ही घर पर थे। रविवार सुबह करीब 11 बजे तक भी अधिवक्ता के घर का दरवाजा नहीं खुला तो पास ही रहने वाले अधिवक्ता के रिश्तेदार धनवीर का भाई पड़ोसी के मकान की छत के रास्ते उनके मकान में पहुंचा।
वहां एक कमरे में अधिवक्ता की पत्नी ईशवती की लाश पड़ी थी। गले पर दबाने के निशान थे। इसके साथ ही उनकी आंख के ऊपर भी चोट का निशान था, जिससे खून बहकर सूख गया था। मां की लाश के पास ही उनकी बेटी नीलम भी बेहोश पड़ी थी। कमरे का सामान भी बिखरा पड़ा था। घटना की सूचना पर एसपी सिटी ओमवीर सिंह, सीओ मंडी योगेंद्र सिंह और इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। अधिवक्ता को घटना की सूचना देते हुए लाश को मोर्चरी भेज दिया गया।
कोई परिचित भी हो सकता है कातिल
शांतिनगर निवासी अधिवक्ता सुंदरपाल की पत्नी ईशवती उर्फ छोटी का कातिल पीड़ित परिवार का कोई परिचित भी हो सकता है। उधर, वकील की पत्नी की हत्या से मोहल्ले के हर कोई स्तब्ध है। महिला की हत्या से घर में कोहराम मच गया है। आसपास के लोग वकील के आवास पर पहुंचकर घटना के संबंध में जानकारी ली। पड़ोसी परिवार के सदस्यों को सांत्वना दी।
पुलिस के अनुसार घटनास्थल पर न तो किसी तरह के संघर्ष के निशान थे और न ही घर में अज्ञात व्यक्ति के जबरन घुसने के सुराग। मां की लाश व बेहोश बेटी भी एक ही कमरे में बेड पर पड़े मिले, जबकि मकान के अन्य दोनों कमरों में कोई छेड़छाड़ नहीं की गई थी। ऐसे में आशंका यही है कि अधिवक्ता का परिवार किसी के धोखे का शिकार हो गया हो।
उधर, इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा ने बताया कि पीड़ित अधिवक्ता सुंदरपाल ने अज्ञात के खिलाफ पत्नी की हत्या व घर से सामान गायब होने की तहरीर दी है, जिसके आधार पर हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है। वारदात के खुलासे को चार टीमों का गठन किया गया है। टीमें आरोपियों की तलाश में दबिशें डालेंगी। बहुत जल्द घटना का खुलासा कर दिया जाएगा।
डॉग स्क्वॉड व फोरेंसिक टीम ने जुटाए सुबूत
मुजफ्फरनगर। शांतिनगर में हुई महिला की हत्या के बाद फोरेंसिक टीम व डॉग स्क्वॉड को मौके पर बुला लिया गया। दोनों टीमों ने घटनास्थल से फिंगरप्रिंट के साथ ही जरूरी सुबूत भी संकलित किए। इसके साथ ही डॉग स्क्वॉड को घटनास्थल पर मृतका के कपड़े सुंघाकर छोड़ा गया, लेकिन वह कुछ दूर जाकर रुक गया।