सिंगलपुर गांव के जंगल में बृहस्पतिवार को दिनदहाड़े चारा लने गई गांव बुड़ीना खुर्द निवासी दलित युवती की गोलियों से भूनकर हत्या कर दी गई। घटना से गुस्साए ग्रामीणों व परिजनों ने हत्यारोपियों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा करते हुए घंटों तक शव नहीं उठने दिया। आरोपी दूसरे समुदाय से होने के कारण तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके चलते मौके पर भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। सीओ सदर ने मौके पर आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी का आश्वासन देकर शव को कब्जे में लिया।
दोपहर बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह व एसपी सिटी ओमवीर सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर हत्यारोपियों की जल्द गिरफ्तारी के निर्देश दिए। युवती के पिता ने गांव के ही दूसरे समुदाय के दो युवकों के खिलाफ हत्या का नामजद मुकदमा दर्ज कराया है। नामजद हत्यारोपी का एक युवती से प्रेम प्रसंग चल रहा था। इस बीच मनमुटाव होने के कारण युवती से उसका नाता टूट गया। हत्यारोपी इसके के लिए युवती को ही जिम्मेदार मान रहा था, इसलिए उसकी हत्या कर दी। पुलिस हत्यारोपियों की तलाश में जुटी है।
तितावी थाना क्षेत्र के गांव बुड़ीना खुर्द निवासी सीमा (19) पुत्री रामकिशन बृहस्पतिवार को गांव की सोनम, मीना, अनीता व बहरी के साथ चारा लेने चरथावल थाना क्षेत्र के गांव सिंगलपुर-हैबतपुर के जंगल में गई थी। सुबह करीब 11 बजे बुड़ीना खुर्द गांव के ही दूसरे समुदाय के दो युवक वहां पहुंचे और तमंचे से ताबड़तोड़ दो गोलियां सीमा को मारी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद आरोपी वहां से फरार हो गए।
घटनास्थल के पास ही घास काट रहीं महिलाएं गोलियों की आवाज सुन मौके पर पहुंचीं, तो वहां सीमा की लाश देख उनके होश उड़ गए। इसके बाद महिलाओं ने सीमा के घर पहुंचकर परिजनों को घटना की जानकारी दी। दिनदहाड़े हत्या की सूचना पर तितावी एसओ सूबे सिंह यादव मौके पर पहुंचे, जहां घटनास्थल चरथावल थाना क्षेत्र का पाया गया। सूचना पर चरथावल पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेने का प्रयास किया, लेकिन परिजनों व गुस्साए ग्रामीणों ने हंगामा करते हुए हत्यारोपियों की गिरफ्तारी होने तक शव नहीं उठाने देने की बात कही।
हत्यारोपी दूसरे समुदाय के होने के कारण घटना को लेकर क्षेत्र में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। सूचना पर सीओ सदर रिजवान अहमद मौके पर पहुंचे और मुख्य आरोपी के भाई को हिरासत में लेने की बात कहकर ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत करते हुए शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भेज दिया। सीओ फुगाना कालू सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों को समझाया।
दोपहर बाद एसएसपी सुधीर कुमार सिंह व एसपी सिटी ओमवीर सिंह भी मौके पर पहुंचे और थाना पुलिस को जल्द से जल्द हत्यारोपियों की गिरफ्तारी के आदेश दिए। युवती के पिता रामकिशन ने गांव के ही शाहनवाज उर्फ सोना पुत्र साजिद और उसके दोस्त असरानी पुत्र मोबीन के खिलाफ चरथावल थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस नामजद हत्यारोपियों की तलाश में लगी है।
हत्यारोपी ने ही मां को दी हत्या करने की जानकारी
मुजफ्फरनगर। गांव सिंगलपुर-हैबतपुर के जंगल में दिनदहाड़े सीमा की हत्या के बाद हत्यारोपी शाहनवाज ने ही सबसे पहले उसके घर पहुंचकर उसकी मां मोना को बेटी की हत्या करने की जानकारी दी। इसी दौरान सीमा के साथ रहीं महिलाएं भी रोती-बिलखती वहां पहुंचीं, जिन्होंने हत्यारोपी को पहचानकर उसकी मां को बताया तो आरोपी वहां से फरार हो गया।
एलानिया की गई सीमा की हत्या, हत्यारोपी कई बार दे चुका था धमकी
मुजफ्फरनगर। गांव बुड़ीना खुर्द निवासी सीमा पुत्री रामकिशन का एलानिया कत्ल किया गया। सनसनीखेज वारदात से पुलिस महकमे में खलबली मच गई। बेखौफ हत्यारोपी शाहनवाज उर्फ सोना ने युवती की मां मोना को कई बार उसके घर जाकर सीमा की हत्या करने की धमकी दे चुका था। युवती की हत्या से परिवार के सदस्यों पर गम का पहाड़ टूटा पड़ा है। परिवार के सदस्यों ने कहा कि पुलिस यदि सतर्क होती तो सीमा की जान बच सकती थी। दो समुदायों के बीच का मामला होने की वजह से पुलिस प्रशासन ने सक्रियता दिखाते गांव में पुलिस बल तैनात कर स्थिति को नियंत्रित करने का दावा किया है।
पुलिस के मुताबिक शाहनवाज उर्फ सोना का सीमा की किसी सहेली के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। सीमा शाहनवाज की गलत आदतों के चलते सहेली को उससे मिलने से रोकती थी, जिसके चलते उसने आरोपी से मिलना-जुलना कम कर दिया था। पीड़ित परिजनों का कहना है कि इससे शाहनवाज काफी गुस्से में था। प्रेमिका से संबंध टूटने के पीछे युवक सीमा को ही जिम्मेदार मानता था।
इसी कारण से वह करीब दो माह पूर्व सीमा के घर जा पहुंचा था और उसकी मां मोना को बेटी को समझाने अन्यथा उसकी हत्या कर देने की धमकी दे गया था। आरोप है कि मंगलवार को भी आरोपी ने सीमा के घर पहुंचकर उसकी मां को बेटी की हत्या कर देने की धमकी दी थी, लेकिन इसे उन्होंने गंभीरता से नहीं लिया था। आरोप है कि इसी खुन्नस के चलते हत्यारोपी ने धमकी देने के दो दिन बाद ही साथी के साथ मिलकर एक तरह से एलानिया सीमा की हत्या कर डाली।
बुड़ीना गांव में तनाव
मुजफ्फरनगर। तितावी थाना क्षेत्र का गांव बुड़ीना खुर्द एक समुदाय विशेष बहुल है। इस गांव में दलितों की संख्या काफी कम है। ग्रामीणों का आरोप है कि सीमा का हत्यारोपी रोजाना शाम को कई दोस्तों के साथ टोली बनाकर दलित बस्ती में घूमते हुए आए दिन महिलाओं व युवतियों से छेड़खानी करता था। प्रेमिका से मेल मिलाप कम होने के कारण खफा हत्यारोपी ने सीमा को अपने रास्ते से हटाने को ठान लिया। हालांकि आरोपियों के बलशाली होने के कारण पीड़ित परिवार कभी थाने तक नहीं पहुंचा, जिसका अंजाम उन्हें अपनी बेटी को खोकर भुगतना पड़ा। सीमा की हत्या के बाद से गांव में तनाव की स्थिति है, जिसके चलते वहां भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।
बागोवाली में महिला की गला घोंटकर हत्या
मुजफ्फरनगर। गांव बागोवाली में वृद्ध महिला की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। उसकी लाश पड़ोसी के निर्माणाधीन मकान में पड़ी मिली, जिसके हाथ कपड़े से बंधे हुए थे। नाक-मुंह से खून निकला हुआ था, जबकि कपड़े अस्त-व्यस्त थे। वृद्धा के भाई ने अज्ञात के खिलाफ हत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। नई मंडी कोतवाली क्षेत्र के गांव बागोवाली निवासी महिला जाहिदा (65) के शौहर मौहर्रम की कई साल पूर्व मौत हो गई थी।
पारिवारिक अनबन के चलते वृद्धा गांव के बाहरी हिस्से में स्थित जर्जर मकान में अकेली रहती थी, जिसे तुड़वाकर वह उसका पुनर्निर्माण करा रही है। वहीं, उसके बच्चे गांव के अंदर स्थित एक अन्य मकान में रहते हैं। बृहस्पतिवार को जब वृद्धा काफी देर तक नहीं दिखी तो परिजनों ने उसकी तलाश की, जिस पर उसकी लाश पास ही स्थित मोहसिन के निर्माणाधीन मकान के एक कमरे में पड़ी मिली। वृद्धा के दोनों हाथ उसके सीने पर कपड़े से बांधे गए थे, जबकि मुंह-नाक से खून निकला हुआ था।
उसके कपड़े भी अस्त-व्यस्त थे, जो उसकी हत्यारों से हुई हाथापाई को बयां कर रहे थे। वृद्धा की लाश देखते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तत्काल पुलिस को घटना की जानकारी दी गई, जिस पर इंस्पेक्टर नई मंडी हरशरण शर्मा मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण कर लाश को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवाया।
बाद में एसएसपी सुधीर कुमार सिंह ने भी घटनास्थल का निरीक्षण कर पुलिस को वारदात का जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए। वृद्धा के बागोवाली में ही रहने वाले भाई मनव्वर ने अज्ञात मेंहत्या की एफआईआर दर्ज कराई है। इंस्पेक्टर हरशरण शर्मा का कहना है कि वृद्धा की हत्या गला घोंटकर की गई है। कई बिंदुओं पर जांच की जा रही है और पीएम रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।