थाने में शिकायत लेकर पहुंचे पीड़ित।
- फोटो : अमर उजाला
दुकान के बाहर फल का ठेला लगाने वाले दूसरे समुदाय के युवकों ने विवाद के चलते मेडिकल स्टोर स्वामी की पिटाई कर दी। घायल के पक्ष में अन्य दुकानदारों के आ जाने पर आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर दोनों पक्षों के लोगों के बीच तनाव फैल गया और भीड़ एकत्र हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने लोगों को मौके से खदेड़ा। पुलिस ने घायल का मेडिकल कराया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
शहर कोतवाली के शामली रोड पर गरवी मार्केट में प्रेमचंद पुत्र ज्योति प्रसाद का शर्मा मेडिकल स्टोर के नाम से स्टोर है। स्टोर के बाहर ही दूसरे समुदाय के तीन युवक फलों की ठेली लगाते हैं। शनिवार दोपहर तीनों युवकों की विवाद के चलते प्रेमचंद से कहासुनी हो गई। बात बढ़ने पर आरोपियों ने मेडिकल स्टोर स्वामी की पिटाई कर दी। झगड़ा होते देख मौके पर आसपास के दुकानदारों की भीड़ इकट्ठा हो गई। इसी बीच आरोपी मौके से फरार हो गए। मौके पर दोनों पक्षों में सांप्रदायिक तनाव बन गया।
सूचना पर पुलिस में अफरातफरी मच गई। कोतवाल पीपी सिंह फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और भीड़ को शांत किया। मार्केट के लोग घायल को लेकर शहर कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने प्रेमचंद का मेडिकल कराया है। पीड़ित पक्ष तहरीर की ओर से थाने में तहरीर दी गई। पुलिस आरोपी युवकों की तलाश में जुटी है। दुकानदारों ने बताया कि आरोपी युवक अक्सर इस तरह की हरकतें करते रहते हैं, जिसके चलते किसी दिन कोई बड़ा बवाल हो सकता है।