एनएच-58 पर बुधवार रात स्कॉर्पियो सवार लोगों ने चलती गाड़ी से एक युवक को नीचे फेंक दिया और फरार हो गए। इसी दौरान पीछे से तेजी से आ रहे ट्रक के नीचे कुचले जाने से युवक की मौके पर मौत हो गई। करीब एक घंटे बाद पुलिस मौके पर पहुंची।
पुलिस ने शव को आनन-फानन में सीधे मोर्चरी में भिजवा दिया। शव की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। आशंका जताई जा रही है कि कार में बदमाश थे। बदमाशों ने लूटपाट करने के बाद युवक को चलती कार से बाहर फेंक दिया। पुलिस इस घटना को हादसा मानकर जांच-पड़ताल कर रही है।
बुधवार रात करीब नौ बजे की घटना है। रात के समय हाईवे पर स्थित होटलों से लोग खाना खाकर अपने निजी वाहनों से घर लौट रहे थे। इस दौरान हाईवे पर गांव रायपुर नंगली और भैंसी कट के बीच प्रत्यक्षदर्शियों ने जो नजारा देखा, वह बेहद भयावह था।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक दिल्ली की ओर से आ रही स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार लोगों ने चलती गाड़ी से एक युवक को हाईवे पर फेंक दिया। युवक को नीचे फेंककर गाड़ी तेजी से निकल गई। पलभर में ही पीछे से तेजी से आ रहे सरियों से भरे ट्रक के नीचे कुचले जाने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। इस घटना को देखकर सहमे प्रत्यक्षदर्शी पुलिस के सवाल-जवाब से बचने के लिए वहां से चुपचाप निकल गए।
करीब एक घंटा बाद पुलिस घटनास्थल पर पहुंची। पुलिस ने आनन-फानन में एंबुलेंस बुलवाकर शव को मोर्चरी के लिए भेज दिया। शव की शिनाख्त नहीं हो सकी है। इस घटना को लेकर आशंका है कि स्कॉर्पियो गाड़ी में बदमाश हो सकते हैं। इन बदमाशों ने किसी जगह से करीब 40 वर्षीय युवक का अपहरण किया और लूटपाट करने के बाद हाईवे पर गाड़ी से नीचे फेंक दिया।
पुलिस इस घटना को हादसा मानकर जांच-पड़ताल कर रही है। इंस्पेक्टर संजीव कुमार शर्मा का कहना है कि अज्ञात युवक की सड़क हादसे में मौत हुई है। शिनाख्त के लिए फिलहाल शव को मोर्चरी में रखवा दिया गया है।