बुढ़ाना। कांधला के मोहल्ला मुस्तफाबाद से चार महीने पहले गायब हुए युवक का शव फुगाना थाना के गांव हबीबपुर सीकरी निवासी एक ग्रामीण के शौचालय के गड्ढे से बरामद हुआ। मृतक के मोबाइल फोन के सर्विलांस पर लगाने से घटना का खुलासा हुआ। इस घटना में पुलिस ने पति-पत्नी को हिरासत में लिया है। माना जा रहा है कि प्रेम-प्रसंग में हत्या को अंजाम दिया गया है।
शामली जनपद के कस्बा कांधला के मोहल्ला मुस्तफाबाद का रहने वाला रिजवान पुत्र नफीस चार महीने पहले घर से अचानक गायब हो गया था। रिजवान के पिता नफीस ने 17 अगस्त 2016 को बेटे की गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना कांधला में दर्ज कराई थी। कांधला पुलिस ने गायब नफीस के पिता से उसका मोबाइल नंबर लिया था।
मृतक के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर लेने के बाद उसके मोबाइल को बरामद कर कांधला के एक युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि यह मोबाइल फुगाना थाना के गांव हबीबपुर निवासी गुलफाम से लिया था। कांधला पुलिस ने फुगाना पुलिस को साथ लेकर शुक्रवार देर रात हबीबपुर सीकरी गांव में गुलफाम के घर दबिश दी। पुलिस को देखकर गुलफाम दीवार कूदकर फरार हो गया। फुगाना और कांधला पुलिस ने ग्राम प्रधान के सहयोग से गुलफाम को शनिवार को हिरासत में लिया। पूछताछ के बाद पुलिस ने गुलफाम के घर जाकर उसके शौचालय के गड्ढे को खुदवाया।
शौचालय के गड्ढे से बोरे में बंधा हुआ शव कंकाल के रूप में बरामद हो गया। थानाध्यक्ष जेबी यादव का कहना है कि गुलफाम की पत्नी शाहजहां भी रिजवान के मोहल्ले मुस्तफाबाद कांधला की रहने वाली है। पुलिस को आशंका है कि शाहजहां का रिजवान के साथ प्रेम-प्रसंग था। इसी दौरान शाहजहां की शादी हबीबपुर निवासी गुलफाम से हो गई।
रिजवान का हबीबपुर सीकरी में आना-जाना हो गया। रिजवान से पीछा छुड़वाने के लिए उसकी हत्या कर शव को शौचालय के गड्ढे में डाल दिया गया। दबी जुबान से ही सही हबीबपुर सीकरी गांव के लोग मामले को प्रेम-प्रसंग से जोड़कर देख रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद परीक्षण के लिए भेज दिया। पुलिस ने गुलफाम और उसकी पत्नी शाहजहां को हिरासत में ले लिया है।