मुजफ्फरनगर के मोरना में क्षेत्र के एक गांव में परिजनों ने तमंचों के बल पर किशोरी का अपहरण कर चार युवकों पर गैंगरेप का आरोप लगाया है। पुलिस ने किशोरी को बंद पड़े मकान से बरामद कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने किशोरी को मेडिकल परीक्षण के लिए अस्पताल भेज दिया।
ग्रामीणों ने पुलिस से बाकी आरोपियों को पकड़कर उनके विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। मामला अलग-अलग संप्रदाय से जुड़ा होने पर तनाव की आशंका पर गांव में पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।
थाना ककरौली क्षेत्र के एक गांव निवासी 16 वर्षीय किशोरी घर का कूड़ा डालने के लिए बाहर गई थी। काफी देर बाद भी किशोरी घर पर नहीं पहुंची तो, परिजनों ने उसका तलाश कराना शुरू कर दिया। परिजनों को किसी व्यक्ति ने बताया कि किशोरी को गांव का एक युवक जबरन पकड़ कर घसीटता हुआ कहीं ले जा रहा था। जिसको लेकर परिजनों व ग्रामीणों ने हंगामा शुरू कर दिया। सूचना पर पहुंची थाना ककरौली पुलिस ने छानबीन करते हुए शनिवार की सुबह 9.30 बजे गांव में बंद पड़े मकान पर पहुंची। मकान में बाहर से दरवाजे पर ताला लगा हुआ था और मकान के अंदर बंद किशोरी दरवाजा पीट रही थी। पुलिस ने ताला तोड़कर मकान के अंदर से किशोरी को बरामद किया।
पुलिस ने मकान में मौजूद एक आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया। पीड़िता किशोरी ने पुलिस को बताया कि युवती ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी अपने तीन अन्य साथियों के साथ मिलकर तमंचों के बल पर अपहरण किया और मकान के अंदर ले जाकर दुष्कर्म किया। पुलिस ने पीड़िता को मेडिकल परीक्षण के लिए भेजा।
ग्रामीणों ने पुलिस से बाकी आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की। पुलिस ने ग्रामीणों को कार्रवाई का आश्वासन दिया है। गांव में तनाव की आशंका को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।