मुजफ्फरनगर। शहर के खालापार में शनिवार देर रात घर के बाहर खडे़ हिस्ट्रीशीटर की दो बाइकों पर सवार होकर आए चार बदमाशों ने गोली मारकर हत्या कर दी। घटना से गुस्साए परिजनों ने जिला अस्पताल में हंगामा किया। आरोप था पुलिस की मदद करने की वजह से ही उसकी हत्या हुई है।
घटना शनिवार रात करीब साढे़ 10 बजे की है। शहर के मोहल्ला खालापार में फैजान अपने घर के बाहर खड़ा हुआ था। तभी दो बाइकों पर सवार चार हथियारबंद युवक वहां आए और फैजान को गोली मारकर बाइक से फरार हो गए। परिजन फैजान को घायल अवस्था में जिला अस्पताल ले गए, लेकिन चिकित्सकाें ने उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से गुस्साए परिजनों ने जिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया।
यहां पहुंची पुलिस पर परिजनों ने आरोप लगाए कि पुलिस की लापरवाही से ही उसकी हत्या हुई है। परिजनों का कहना था कि फैजान कई मामलों में पुलिस की मदद कर रहा था। इसी कारण ही उसकी हत्या हुई है।