तितावी। गांव छतैला में हुए सांप्रदायिक बवाल में थाना पुलिस की भूमिका सवालों के घेरे में है। तितावी थाना क्षेत्र का गांव छतैला मुस्लिम बहुल है। गांव निवासी पाल समाज का राजकुमार पुत्र राजाराम गांव-गांव कपड़ों की फेरी लगाता है, जबकि उसका एक बेटा अंकुर बाहर काम करता है और दो घर पर रहकर खेती-बाड़ी देखते हैं।
पीड़ित परिजनों के अनुसार पतंग उड़ाने को लेकर सोमवार शाम परिवार के किशोर आदित्य का दूसरे समुदाय से मामूूली विवाद हुआ था, लेकिन इसे तूल देते हुए रात करीब पौने आठ बजे दूसरे समुदाय के कई लोग लाठी-डंडे लेकर राजकुमार के घर जा पहुंचे। हमलावरों ने राजकुमार समेत जो भी सामने आया, उसी को जमकर पीटा। आरोप है कि हमला होते ही पीड़ित परिजनों के साथ ही अन्य ग्रामीणों ने भी लगातार पुलिस को फोन कर जान बचाने की गुहार लगाई, लेकिन थाना पुलिस करीब एक घंटे तक मौके पर नहीं पहुंची।
हमले के बाद ग्रामीण मरणासन्न हो चुके राजकुमार व सतपाल और अन्य घायलों राजवती, जगवती, बबीता, विकास व अंकुर को लेकर थाने पहुंचे, लेकिन वहां भी पुलिस घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाने या उनका उपचार कराने के बजाय उन्हीं पर फैसले का दबाव बनाती रही। पुलिस की इस बेरुखी से करीब 9.30 बजे पीड़ित परिजन खुद ही एक प्राइवेट वाहन लेकर घायल राजकुमार व उसके बेटे विकास को शहर के एक नर्सिंग होम ले गए, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार को मृत घोषित कर दिया। वहीं, सतपाल की हालत गंभीर बताई जा रही है।
राजकुमार की मौत होने पर पीड़ित परिजनों व ग्रामीणों ने थाना पुलिस की लापरवाही को लेकर नर्सिंग होम के बाहर हंगामा कर दिया। उधर, एसपी देहात आलोक शर्मा का कहना है कि हमलावरों की गिरफ्तारी के लिए टीम बनाते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है। कई थानों की फोर्स गांव में मौजूद है और फिलहाल स्थिति पूरी तरह कंट्रोल में है। तितावी थानाप्रभारी सूबे सिंह का कहना है कि वे आज क्षेत्र से बाहर थे।
छतैला बवाल पर बिफरी भाकियू
तितावी। भारतीय किसान यूनियन के मंडलाध्यक्ष धीरज लाटियान व युवा जिलाध्यक्ष सतेंद्र पुंडीर कार्यकर्ताओं व ग्रामीणों के साथ छतैला में पीड़ित राजकुमार के घर पहुंचे और घायलों की स्थिति देखते हुए पीड़ित परिवार से घटना की जानकारी ली। पीड़ित परिजनों द्वारा थाना पुलिस पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाए जाने पर भड़के भाकियू पदाधिकारियों ने मामले में थानेदार के साथ ही दोषी पुलिसकर्मियों को सस्पेंड करने की मांग की है।