मुजफ्फरनगर। आसाराम के रसोइए अखिल गुप्ता के हत्यारोपी कार्तिक हलदार की पेशी को लेकर नईमंडी पुलिस ने उसका रिमाइंडर लेने की तैयारी कर ली है। सीजेएम कोर्ट से रिमाइंडर लेकर गुजरात पुलिस को तामील कराया जाएगा।
शहर की जानसठ रोड पर 11 जनवरी 2015 को अखिल गुप्ता की हत्या कर दी गई थी। पुलिस जांच में पश्विम बंगाल निवासी कार्तिक हलदार का नाम हत्या करने में सामने आया था। गत मार्च माह में गुजरात एटीएस ने कार्तिक को छतीसगढ़ के रायपुर से गिरफ्तार किया था। नई मंडी कोतवाली ने अहमदाबाद जाकर आरोपी से पूछताछ की थी, तभी से पुलिस उससे पूछताछ करने के लिए उसे यहां लाने के लिए प्रयासरत हैं। आठ अगस्त को कार्तिक की सीजेएम कोर्ट में पेशी होनी थी, लेकिन उससे पहले ही गुजरात पुलिस ने लिखित सूचना के माध्यम से बताया कि अगले 15 दिन उसकी पेशी नहीं कराई जा सकेगी। इससे पूर्व भी आरोपी की दो बार पेशी टल चुकी है।
नईमंडी पुलिस आरोपी को पेशी के लिए सीजेएम कोर्ट से रिमाइंडर लेगी। रिमाइंडर को गुजरात में अहमदाबाद पुलिस के आरआई, सीजेएम और साबरमती जेल में तामील कराया जाएगा। उसके बाद ही कार्तिक की पेशी संभव हो पाएगी।