लद्दावाला के जुबेर हत्याकांड का खुलासा करते हुए पुलिस ने पांच युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने मामूली कहासुनी में जुबेर की हत्या करने की बात कबूल की है। सभी आरोपियों को पूछताछ के बाद जेल भेज दिया गया है। शहर कोतवाली में रविवार दोपहर प्रेसवार्ता करते हुए एसपी सिटी ओमबीर सिंह व सीओ सिटी हरीश भदौरिया ने बताया कि क्षेत्र के मोहल्ला लद्दावाला निवासी जुबेर पुत्र शहजाद 23 अगस्त की शाम बहन ईरम की दवा लेने के लिए घर से निकला था, लेकिन इसके बाद वह लापता हो गया था।
अगले दिन सुबह शाहबुद्दीनपुर बाईपास स्थित एक खाली प्लाट में जुबेर की लाश मिली थी, जिसके सिर व चेहरे पर धारदार हथियार से काटे जाने के घाव थे और पेट को चीरकर आंतों को भी बाहर निकाल दिया गया था। जुबेर के ममेरे भाई सोनू निवासी सहावली ने अज्ञात के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई थी।
एसपी सिटी ने बताया कि इंस्पेक्टर अनिल कपरवान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने शनिवार देर रात शक के आधार पर लद्दावाला के शाहबुद्दीनपुर रोड निवासी फैसल उर्फ कसाले का पुत्र आमिर, शाहबुद्दीनपुर रोड गली नंबर एक निवासी फैसल पुत्र सलीम, गली नंबर 13 निवासी अनस उर्फ पोना पुत्र नईम, गली नंबर 14 निवासी वाजिद उर्फ सोनू पुत्र जमील और शमीम उर्फ विज्जू पुत्र आसिफ निवासी सम्राट इंटर कॉलेज के पीछे को गिरफ्तार किया।
एसपी सिटी ने बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने जुबेर की हत्या करने की बात कबूल की। आरोपियों ने बताया कि जुबेर की घटना से कुछ दिन पूर्व फैसल के साथ किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इससे आक्रोशित फैसल ने अपने चारों साथियों को साथ लेकर जुबेर को खत्म करने की साजिश रच डाली।
तयशुदा योजना के तहत फैसल व उसके साथी जुबेर को सिगरेट पीने के बहाने शाहबुद्दीनपुर रोड पर ले गए, जहां उसकी ब्लेड से काटकर नृशंस हत्या कर दी गई। इसके बाद सभी आरोपी घर लौट गए थे। एसपी सिटी ने महज तीन दिन में जुबेर हत्याकांड का राजफाश करने के लिए शहर कोतवाली इंस्पेक्टर अनिल कपरवान, एसआई समयपाल अत्री व एसआई अक्षय शर्मा की पीठ भी थपथपाई।
किसान जाहिद हत्याकांड का खुलासा, आरोपी गिरफ्तार
गांव टोड़ा के जंगल में बुढ़ाना क्षेत्र के गांव दभेड़ी के किसान जाहिद की हत्या का खुलासा करते हुए पुलिस ने हत्यारोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। हत्यारे को किसान ने रात के समय अपने बाग से निकलने के लिए इंकार कर दिया था। इस बात को लेकर हत्या किसान से रंजिश रखने लगा था। रंजिश में ही किसान की गोली मारकर हत्या कर डाली।
तीन माह पूर्व 31 मई की रात को दभेड़ी निवासी (55) जाहिद शव ट्यूबवेल पर चारपाई पर पड़ा मिला था। मृतक के पुत्र उस्मान ने अज्ञात में हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उस्मान ने बताया कि 31 मई को देर रात तक उन लोगों ने अपनी ट्यूबवेल पर लेंटर डलवाया था। इसके बाद लगभग 9 बजे वे सभी लोग घर चले गए थे। जबकि उसका पिता जाहिद वहीं ट्यूबवेल पर सो गया। एक जून की सुबह लगभग सात बजे जब उस्मान अपने ट्यूबवेल पर पहुंचा तो वहां पिता को मृत पाया।
चादर के ऊपर से ही जाहिद को गोली मारी गई थी। हत्याकांड का खुलासा करते हुए सीओ बुढ़ाना हरिराम यादव ने बताया कि दभेड़ी निवासी इंतजार पुत्र मसतुल्ला ने एक आम का बाग ठेके पर ले रखा था। जाहिद का खेत भी उस बाग के पास ही था। जाहिद अक्सर छोटी मोटी चोरी कर लिया करता था। जाहिद अपने खेतों पर जाते समय इंतजार के बाग से ही निकलकर जाता था। इस बात पर इंतजार ने जाहिद को अपने बाग से निकलने के लिए कई बार मना किया, लेकिन जाहिद नहीं माना। इसी बात को लेकर घटना से चार दिन पहले जाहिद का इंतजार के साथ झगड़ा हो गया था।
इंतजार ने जाहिद को रास्ते से हटाने की ठानी और मौका पाकर उसने गोली मारकर जाहिद की हत्या कर दी। हत्या करने के बाद इंतजार वहां से फरार हो गया था। रविवार को रतनपुरी इंस्पेक्टर पंकज लवानिया ने पुलिस टीम के साथ हत्यारोपी इंतजार को थाना क्षेत्र के गोयला मोड़ से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस द्वारा जाहिद हत्याकांड के विषय में पूछताछ करने पर इंतजार ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। सीओ ने बताया कि इस मामले के खुलासे के लिए पुलिस की कई टीमें लगी थी। इस घटना के खुलासे के लिए क्राइम ब्रांच को भी लगाया गया था।