बुढ़ाना के हुसैनपुर कलां गांव में बुधवार की देर राता बच्चों का झगड़ा बड़ों में पहुंचा तो कहासुनी के बाद मारपीट हो गई। दोनों पक्षों ने छत पर चढ़कर एक दूसरे पर पथराव व फायरिंग शुरू कर दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझाने का प्रयास किया तो दोनों पक्षों ने पुलिस पर भी पथराव कर दिया। पुलिस ने दोनों पक्षों के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर 6 ग्रामीणों को मौके से गिरफ्तार किया है।
कोतवाली क्षेत्र के हुसैनपुर कलां गांव में बुधवार की देर रात के समय मकसूद व असगर के बच्चों में किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। बच्चों की कहासुनी बड़ों के पास पहुंची तो उनमें भी कहासुुनी के बाद मारपीट हो गई। इस घटना में दोनों पक्षों के समर्थक भी आमने सामने आ गए। दोनों पक्षों के सैकड़ों लोग अपनी-अपनी छतों पर चढ़कर एक दूसरे पर पथराव करने लगे। इसी दौरान पथराव के बीच छतों से फायरिंग भी हुई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। स्थिति पर काबू पाने के लिए पुलिस ने अपनी गाड़ी पर लगे लाउडस्पीकर से शांति बनाने की अपील की। ग्रामीणों ने पुलिस की एक न सुनी उल्टे पुलिस पर पथराव आरंभ कर दिया। पुलिस ने शांति व्यवस्था कायम करने के लिए गली में लाठियां फटकार कर भीड़ को तितर बितर किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए हल्का इंचार्ज ने अतिरिक्त पुलिस व पीएसी को मौके पर बुलवा लिया।
पुलिस ने मौके से दोनों पक्षों के झगड़ा कर रहे 6 लोगों को हिरासत में ले लिया। उपनिरीक्षक राजेंद्र वशिष्ठ ने बताया कि झगड़ा कर रहे लोगों की सूचना पर पुलिस पहुंची थी। समझाने के प्रयास में दोनों पक्षों ने उल्टे पुलिस पार्टी पर ही पथराव कर दिया। इस मामले में पुलिस की ओर से 18 ग्रामीणों को नामजद व 100-150 अज्ञात के विरुद्ध मुकदमा दर्ज किया गया है। मौके से मकसूद, महताब, रिहान, असगर, रफीक व मोबीन को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस ने पूछताछ के बाद आरोपियों का चालान कर जेल भेज दिया।